लोकतंत्र का अपमान करने के लिए राहुल गांधी देश से माफी मांगें: तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘भारत वास्तव में अब लोकतंत्र नहीं रह गया है।’’
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन.
रामचंदर राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने
कहा था कि ‘‘भारत वास्तव में अब लोकतंत्र नहीं रह गया है।’’
राव ने कहा कि देश में आपातकाल कांग्रेस ने लगाया था और लोगों के मानवाधिकारों का दमन किया
था।
उन्होंने 13 और 14 नवंबर को यहां आयोजित ‘भारत समिट’ में यह टिप्पणी करने वाले राहुल गांधी से
लोकतंत्र का अपमान करने के लिए देश से माफी मांगने की मांग की।
राव ने कहा, ‘‘राहुल गांधी भूल गए हैं कि उनकी दादी ने ही देश में आपातकाल लगाया था। कांग्रेस के
शासनकाल में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई कई सरकारों को बर्खास्त कर दिया गया था। अब गांधी
कहते हैं कि 2014 के बाद से देश में लोकतंत्र नहीं है। यह बेतुका है।’’
भारत समिट में शामिल हुए एक विदेशी प्रतिनिधि की 'वोट चोर, गद्दी छोड़' टिप्पणी का जिक्र करते हुए
राव ने सवाल उठाया कि कोई विदेशी व्यक्ति किसी देश के आंतरिक मामलों में कैसे हस्तक्षेप कर सकता
है।
उन्होंने कहा कि यह देश की संप्रभुता और लोगों के स्वाभिमान से जुड़ा मामला है। भारतीय लोकतंत्र को
दुनियाभर में एक उदाहरण के रूप में देखा जाता है।
राव ने कहा, ‘‘आज गांधी विदेशियों के सामने हमारे लोकतंत्र, चुनाव और व्यवस्थाओं का अपमान कर रहे
हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि ये वही विदेशी हैं, जो देश में अराजकता फैलाने के लिए गांधी को धन मुहैया
करा रहे हैं। भारत समिट में शामिल प्रोग्रेसिव अलायंस और जॉर्ज सोरोस के वित्तपोषण वाले प्रतिनिधियों
को भारत की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।’’
इससे पहले, राहुल गांधी ने 14 नवंबर को यहां तेलंगाना सरकार की ओर से आयोजित भारत समिट में
भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि ‘‘भारत वास्तव में अब
लोकतंत्र नहीं रह गया है।’’


UN News