कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी अग्रसेन जयंती
बुलंदशहर जहांगीराबाद। नगर के श्रीजी फार्म हाउस में शनिवार शाम महाराजा अग्रसेन सेवा समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह आयोजित किया गया।
बुलंदशहर जहांगीराबाद। नगर के श्रीजी फार्म हाउस में शनिवार शाम महाराजा अग्रसेन सेवा समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कवि सम्मेलन ने लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने और आपसी एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के वरिष्ठ नागरिक बुद्ध प्रकाश बंसल, विनोद बंसल और नोएडा से आए विनय अग्रवाल ने मां लक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम से पहले वैश्य समाज के वरिष्ठ सहयोगी स्वर्गीय राजकुमार अग्रवाल (रचित केबल नेटवर्क) और स्वर्गीय विजय बंसल के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इसमें उपस्थित लोगों ने दोनों दिवंगतों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वैश्य समाज की बालिकाओं और महिलाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। वहीं, कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवि सौरभ सुमन सहित विभिन्न नगरों से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य और ओजपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समाजसेवा की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।


UN News