राहुल के देहरादून अभियान से डरी सरकार, परेड ग्राउंड की अनुमति की रद्द : कांग्रेस

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत 17 जुलाई को देहरादून परेड ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम की अनुमति साजिशन रद्द कर दी है।

राहुल के देहरादून अभियान से डरी सरकार, परेड ग्राउंड की अनुमति की रद्द : कांग्रेस

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उत्तराखंड की भारतीय जनता
पार्टी (भाजपा) सरकार ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान
के तहत 17 जुलाई को देहरादून परेड ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम की अनुमति साजिशन रद्द
कर दी है।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधानसभा
में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य के पोस्ट साझा करते हुए बुधवार को कहा कि उत्तराखंड सरकार
का यह फैसला साफ तौर पर दर्शाता है कि भाजपा श्री गांधी के अभियान से घबरा गयी है।
उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने अपने अलग-अलग पोस्ट में कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती
है कि श्री गांधी का कार्यक्रम परेड ग्राउंड में हो इसलिए प्रशासन के माध्यम से कार्यक्रम
आयोजित करने की अनुमति निरस्त कर दी गयी है। पार्टी का दावा है कि प्रशासन ने दूसरे
कार्यक्रम का हवाला दिया, जबकि देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर पूरा
परेड ग्राउंड मैदान खाली मिला।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस फैसले से डरने वाली नहीं है और 17 जुलाई को होने वाला
‘छात्रों की गूंज’ अभियान का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक
तरीके से आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम में बाधा डालना भाजपा सरकार की राजनीतिक
घबराहट को दर्शाता है।