गाजियाबाद में थाने के सामने महिला का शव रखकर जाम, पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग
गाजियाबाद टीला मोड़ थाना क्षेत्र में महिला की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने उसका शव थाने के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
गाजियाबाद, टीला मोड़ थाना क्षेत्र में महिला की मौत के बाद शनिवार
को परिजनों ने उसका शव थाने के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। शव सड़क पर रखे
जाने के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों ने पुलिस और एक लड़की के
परिजनों पर महिला व उसके परिवार को कथित रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतका के पति के अनुसार, उनका बेटा कुछ समय पहले एक लड़की को लेकर चला गया था।
इसके बाद लड़की के परिजन लगातार उनकी बेटी को वापस लाने का दबाव बना रहे थे। आरोप
है कि लड़की को वापस नहीं लाने पर परिवार के साथ मारपीट करने और मकान गिराने की
धमकी भी दी गई। मृतका के पति ने पुलिस पर भी परिवार पर दबाव बनाए जाने का आरोप
लगाया।
मृतका के छोटे बेटे योगेश के मुताबिक, बुधवार को उसकी मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया था।
हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को
उनकी मौत हो गई। योगेश ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान चौकी प्रभारी सत्यजीत ने
उसकी मां से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
योगेश ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की की मां और उसका बड़ा बेटा रात करीब दो बजे कुछ
लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और उसकी मां पर दबाव बनाया। परिजनों का आरोप है कि जब
वे मामले की शिकायत लेकर चौकी पहुंचे तो उनसे लड़की को वापस लाने के लिए कहा गया,
जबकि उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को लेकर आक्रोशित परिजनों ने चौकी प्रभारी को मौके पर बुलाकर बातचीत कराने और
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शव को सड़क पर रखकर जाम लगाए जाने
की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर नियमानुसार
कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम खुलवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि
पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


UN News