गौतमबुद्धनगर के 319 विद्यार्थियों के खातों में आई छात्रवृत्ति, लखनऊ के कार्यक्रम से जुड़े छात्र

नोएडा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शनिवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नोएडा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शनिवार को
लखनऊ के लोक भवन सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के
दौरान प्रदेश के अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं
के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी गई। कुल
148 करोड़ रुपये की यह राशि सीधे विद्यार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। इसी कड़ी में
गौतमबुद्धनगर जिले में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्य विकास अधिकारी
भालचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में जहांगीरपुर के पब्लिक इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय कार्यक्रम
संपन्न हुआ।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने एलईडी
स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में चल रहे प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इस
दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के बारे में
विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पात्र विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे समय से आवेदन
करके इन सभी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति
प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौतमबुद्धनगर के कुल 319 विद्यार्थियों के खातों में 8.09 लाख
रुपये की छात्रवृत्ति हस्तांतरित की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार
सिसोदिया ने बताया कि जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ एवं 10 के 75 विद्यार्थियों को
1.68 लाख रुपये तथा कक्षा 11 एवं 12 के 52 विद्यार्थियों को 1,68,236 रुपये की छात्रवृत्ति
भेजी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा नौ एवं
10 के 127 विद्यार्थियों को 1.77 लाख रुपये की राशि दी गई है। इसके अलावा सामान्य वर्ग

के 41 विद्यार्थियों को 1.23 लाख रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 24 विद्यार्थियों को 72 हजार
रुपये की छात्रवृत्ति उनके बैंक खातों में भेजी गई है। इस कार्यक्रम के दौरान जिला पिछड़ा वर्ग
कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार और
पब्लिक इंटर कॉलेज जहांगीरपुर के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा समेत संबंधित विभागों के
अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।