अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए मेट्रो यूनिवर्सिटी ने बेनिन व बुर्किना फासो के संस्थानों संग किया करार

वैश्विक स्तर पर उच्च शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और संस्थागत साझेदारी को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित मेट्रो यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए मेट्रो यूनिवर्सिटी ने बेनिन व बुर्किना फासो के संस्थानों संग किया करार

आसिम खान, गौतमबुद्ध नगर

वैश्विक स्तर पर उच्च शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और संस्थागत साझेदारी को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित मेट्रो यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान हुए इस समझौते का मुख्य ध्येय विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों (फैकल्टी) के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन, शोध, ज्ञान के आदान-प्रदान और नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोलना है।

इस अवसर पर पश्चिम अफ्रीका के देशों से आए उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतिनिधिमंडल में बुर्किना फासो की प्रतिष्ठित संस्था डाकी एग्री सर्विस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मौसा कोनाटे, बेनिन स्थित यूकोबो यूनिवर्सिटी एवं कैथोलिक यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्ट अफ्रीका (यूनिवर्सिटी यूनिट इन बोबो-डिउलासो - CUWA-UUB) के अध्यक्ष प्रो. गैस्टन ओई कोसी तथा आईटीडीएफसी (ITDFC) के कार्यक्रम समन्वयक हर्ष शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मेट्रो यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर का अवलोकन किया तथा भविष्य में संयुक्त शैक्षणिक और शोध कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर सहमति व्यक्त की।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए मेट्रो यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि आज के वैश्वीकरण के दौर में विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय समझौते न केवल विद्यार्थियों के लिए वैश्विक शैक्षणिक मंच तैयार करते हैं, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, वैश्विक साख और विविधता को सुदृढ़ करने में भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस करार से दोनों देशों के शिक्षण संस्थानों और छात्रों को पारस्परिक लाभ मिलेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेश पाठक ने समझौते के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित होने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आधुनिक ज्ञान, संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, फैकल्टी एक्सचेंज और कौशल विकास के क्षेत्र में नए आयाम प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी कृषि, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन और सामाजिक विज्ञान जैसे क्षेत्रों में नए प्रयोगों और नवाचारों को बढ़ावा देगी।

वहीं, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. राकेश धर द्विवेदी ने कहा कि मेट्रो यूनिवर्सिटी ऐसे रणनीतिक समझौतों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और संस्थागत विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत भविष्य में संयुक्त सम्मेलनों, कार्यशालाओं, छात्र विनिमय कार्यक्रमों (स्टूडेंट एक्सचेंज) और साझा शोध पत्रों के प्रकाशन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

समारोह में मेट्रो यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षाविदों ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग, भविष्य की संयुक्त गतिविधियों की संभावनाओं तथा अफ्रीकी देशों के साथ शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर गहन विचार-विमर्श किया। यह समझौता ज्ञापन मेट्रो यूनिवर्सिटी की वैश्विक सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम माना जा रहा है।