दो मंजिला मकान ढहा, मासूम समेत दो की मौत
विवेक विहार के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक दो मंजिला मकान अचानक भरभरा कर ढह गया।
नई दिल्ली, विवेक विहार के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक दो
मंजिला मकान अचानक भरभरा कर ढह गया। हादसे में तीन वषीय बच्चे और एक युवक की
मौत हो गई। हादसे के दौरान मकान में मौजूद पांच अन्य लोग भी मलबे में दब गए। जिन्हें
बचाव दल ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां उनकी हालत स्थिर है। हादसे के बाद
से मकान मालिक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जमींदोज दो मंजिला मकान के निचले तल पर
नमकीन और गजक बनाने की फैक्टरी थी। वहीं, ऊपर की मंजिल पर एक परिवार रहता था।
हादसे के समय मकान में सात लोग मौजूद थे। विवेक विहार थाना पुलिस को मंगलवार सुबह
करीब 10:10 बजे मकान गिरने की सूचना मिली। जिस पर एसएचओ हरकेश गाबा, दमकल
विभाग और एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि भवन के
मलबे में सात से आठ लोग फंसे हैं। तीन लोगों को आसपास के लोगों ने मलबे से निकालकर
अस्पताल पहुंचा दिया है।
इसके बाद पुलिस, दमकलकर्मियों और बचाव दल ने अन्य लोगों को निकालने के लिए अभियान
शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चार अन्य लोगों को बाहर निकाला गया। सभी
को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय देवांश और 35 वर्षीय पिंटू को
मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल पांच अन्य लोगों में देवांश की मां खुशबू, पिंटू का सगा
भाई बिकेश उर्फ विकास भी शामिल हैं। मकान मालिक सुरेंद्र सिंह हादसे के बाद से फरार है।
करीब 35 साल से मकान में रह रहा था परिवार
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब 25 गज में बने इस मकान के भूतल पर नमकीन
और गजक बनाने की फैक्टरी थी। पहली मंजिल पर खुशबू का परिवार पिछले करीब 35 साल से
रह रहा था। हादसे के समय इमारत में मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। पुलिस अब
इमारत के निर्माण, उसकी स्थिति और गिरने के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में जान
गंवाने वाले पिंटू और घायल बिकेश उर्फ विकास सगे भाई हैं। दोनों मूल रूप से आगरा के रहने
वाले हैं।
आगरा-बिहार के हैं सभी घायल
पुलिस ने बताया कि घायलों में 32 वर्षीय बिकेश के अलावा 22 वर्षीय दिलीप, 18 वर्षीय अमन,
27 वर्षीय आकाश और 27 वर्षीय खुशबू शामिल हैं। खुशबू का परिवार मूल रूप से बिहार के
बोधगया का रहने वाला है। वहीं, मृतक पिंटू का परिवार और अन्य घायल उत्तर प्रदेश के आगरा
जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।


UN News