दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के निर्माण में आएगी तेजी

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी। सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई 2300 मीटर सड़क को समतल करने के लिए जल निगम ने प्रस्ताव बना लिया है। इस पर करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत आएगी।

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के निर्माण में आएगी तेजी

लोनी में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी।
सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई 2300 मीटर सड़क को समतल करने के लिए जल निगम ने
प्रस्ताव बना लिया है। इस पर करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत आएगी। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी
है। उम्मीद है कि जल्द कार्य शुरू होगा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का लोनी में सात किलोमीटर से अधिक
लंबा हिस्सा कई साल से बदहाल है। लोनी बॉर्डर थाने के सामने से लेकर जौहरी एंक्लेव और शिव विहार
मेट्रो स्टेशन के नीचे तक कई जगह गड्ढों से राहगीर परेशान होते हैं। बारिश में इन गड्ढों में पानी भरने
से सड़क और टूटती है। पीडब्ल्यूडी ने इस हिस्से को नए सिरे से बनाने का काम अप्रैल में शुरू किया
था। पूरी सड़क को कंक्रीट का बनाया जा रहा है। 27 करोड़ रुपये की इस परियोजना का काम हाईवे के
दो हिस्सों में डाली गई मेन सीवर लाइन के कारण रुका हुआ था। बड़ी लाइन डालने के लिए गहरी खुदाई
के बाद सड़क को समतल किया जाना था। इसके बाद ही सड़क का निर्माण हो सकता था। इसीलिए काम
रुका हुआ था। सीवर लाइन राशिद अली गेट और लोनी तिराहा के आसपास डाली गई थी। दोनों स्थानों
की लंबाई करीब 2300 मीटर लंबा है। पीडब्ल्यूडी लगातार सड़क के समतलीकरण के लिए पत्र लिख रहा
था। अब जल निगम ने साढ़े छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है
कि जल्द कार्य शुरू होगा, जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा।
राहगीरों को मिलेगी राहत
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रोजाना एक लाख से अधिक लोगों की आवाजाही होती है। लोनी में सड़क
बनने से रोज इस हिस्से से गुजरने वाले इन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इनमें लोनी से दिल्ली आने-
जाने वालों के साथ बागपत और दिल्ली के बीच सफर करने वाले लोग भी शामिल हैं। बागपत और
दिल्ली के लोगों को भी इस सड़क का काम पूरा होने से बड़ी समस्या से निजात मिलेगी।
सड़क पर जलभराव और हादसे
सीवर लाइन डालने के चलते बड़ी मात्रा में सड़क पर मिट्टी पड़ी थी, जिसके चलते पानी की निकासी
बाधित हो गई थी। नालों में भी मिट्टी भरने से बारिश में सड़क और इसके किनारे पानी भर जाता था।
अशोक विहार कॉलोनी के सामने 15 अक्तूबर को बारिश के बाद कच्चा बलराम नगर निवासी 45 वर्षीय
साबिर की नाले में गिरकर मौत हो गई थी। वह नाले की स्लैब के ऊपर से गुजर रहे थे। बीच में एक
स्लैब नहीं थी, लेकिन बारिश का पानी और कूड़ा भरा होने से उन्हें स्लैब न होने का पता नहीं चला था।
इसके अलावा बारिश में यहां आए दिन वाहन पलटते हैं। बीते दिनों सोशल मीडिया पर जर्जर सड़क के
कारण हादसों के कई वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया पर डाले थे।
समतलीकरण के बाद बनेगी सीसी रोड
जल निगम जल्द ही सड़क के समतलीकरण का काम शुरू करेगा। इसके बाद बचे हुए हिस्से पर भी
सीसी रोड बनाने का काम शुरू होगा। - राम राजा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।