दिल्ली में मिठाई इकाइयों पर छापे, 922 किलो सामग्री नष्ट

नई दिल्ली,दीपावली सहित त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

दिल्ली में मिठाई इकाइयों पर छापे, 922 किलो सामग्री नष्ट

नई दिल्ली, दीपावली सहित त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और
सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन
करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा
विभाग की टीमों ने निहाल विहार में रसगुल्ला बनाने वाली इकाइयों और मिठाई की दुकानों पर
औचक छापेमारी की। इस दौरान 402 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई। वहीं, मोरी गेट
स्थित खोया मंडी में अभियान चलाकर 520 किलोग्राम खराब खोया और छेना नष्ट किया गया।
दोनों स्थानों पर कुल 922 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट करने के साथ जांच के लिए नमूने भी
लिए गए।
दिल्ली सरकार के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़
जाती है। ऐसे में मिलावटी, खराब और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग
को नियमित निरीक्षण के साथ औचक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट
किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा
कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
निहाल विहार में 13 परिसरों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शनिवार को निहाल विहार में बिना अनुमति संचालित
रसगुल्ला निर्माण इकाइयों, अन्य मिठाई निर्माताओं और मिठाई की दुकानों सहित 13 परिसरों
का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति
की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 402 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई। इसमें 265 किलोग्राम
रसगुल्ला, 45 किलोग्राम छेना, 80 किलोग्राम मिल्क केक और 12 किलोग्राम कसा हुआ
नारियल शामिल है। इसके अलावा, विभागीय टीमों ने प्रयोगशाला में जांच के लिए 14 नमूने
एकत्र किए।

इन नमूनों में छेना के 6, मिल्क केक के 2 और रसगुल्ले के 2 नमूने शामिल हैं। इसके
अतिरिक्त मोतीचूर के लड्डू, आटे के लड्डू, रसभरी और पनीर का एक-एक नमूना लिया गया।
इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले कार्रवाई में आई थी परेशानी
विभाग के अनुसार, इससे पहले 26 अगस्त को निहाल विहार में कार्रवाई के दौरान मिठाई बनाने
वाली इकाइयों की पहचान करने में कठिनाई हुई थी। अलग-अलग गलियों में संचालित कई
दुकानों के बंद मिलने के कारण उस समय केवल 3 परिसरों को चिह्नित किया जा सका था।
इस बार कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए छुट्टी के दिन औचक निरीक्षण किया गया।
विभागीय टीमों को अलग-अलग गलियों में एक साथ भेजा गया, ताकि अधिक से अधिक
इकाइयों की जांच की जा सके और निरीक्षण की जानकारी पहले से फैलने की आशंका कम हो।
मोरी गेट मंडी में 520 किलो खराब खोया-छेना नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में भी विशेष अभियान चलाया। यहां करीब
370 किलोग्राम खोया और 150 किलोग्राम छेना नष्ट किया गया। विभाग के मुताबिक, यह
खाद्य सामग्री लावारिस अवस्था में मिली थी और खराब होने के साथ उसमें दुर्गंध भी आ रही
थी।
कार्रवाई के दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए खोया के 3 नमूने लिए गए। विभाग ने बताया कि
इससे पहले 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर इसी मंडी में अभियान चलाकर लगभग
3,050 किलोग्राम खोया और पनीर नष्ट किया गया था।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग का उद्देश्य खराब और
असुरक्षित खाद्य सामग्री को बाजार तक पहुंचने से रोकना है। इसके लिए निर्माण इकाइयों, थोक
विक्रेताओं और मिठाई की दुकानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा कानून के तहत होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों और प्रयोगशाला जांच
रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा लागू नियमों और विनियमों के प्रावधानों का
पालन किया जाएगा।
विभाग ने संकेत दिया है कि त्योहारों के दौरान निरीक्षण, नमूने लेने और नियमों का उल्लंघन
करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों के
निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना है, ताकि
उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
मिठाइयों की शुद्धता से समझौता नहीं: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की शुद्धता के साथ
किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान
मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त
सतर्कता बरतना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिठाइयां भारतीय परंपराओं, आस्था और आपसी स्नेह का महत्वपूर्ण
हिस्सा हैं। इसलिए उनकी शुद्धता सुनिश्चित करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि
जनस्वास्थ्य से जुड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों का निर्माण स्वच्छ परिस्थितियों में होना चाहिए और
उनका भंडारण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए। उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और
गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए लोगों की सेहत को जोखिम में डालने की
अनुमति किसी भी कारोबारी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित
निगरानी और औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने
वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।