नोएडा एयरपोर्ट से एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी
ग्रेटर नोएडा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी है। साथ ही, आपातकालीन एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू होगी।
ग्रेटर नोएडा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की
तैयारी है। साथ ही, आपातकालीन एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू होगी। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल
एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) और उबिफ्लाई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (द ईप्लेन कंपनी) के बीच
गुरुवार को एमओयू हुआ। उबिफ्लाई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (द ईप्लेन कंपनी) एयर टैक्सी के
संचालन के लिए बुनियादी ढांचा और सुरक्षा नियम और संचालन व्यवस्था तैयार करेगी। कंपनी अपने
ई200एक्स इलेक्ट्रिक विमान का इस्तेमाल करेगी। यह विमान हेलीकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उड़ान
भरने और उतरने में सक्षम है। एमओयू के तहत नोएडा एयरपोर्ट परिसर में परीक्षण के लिए जगह, एयर
टैक्सी के उतरने-उड़ने के लिए वर्टिपोर्ट और चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नोएडा
एयरपोर्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) में आवश्यक बदलाव करेगा। साथ ही कंपनी विमान के
परीक्षण और जरूरी मंजूरियां हासिल करने पर काम करेगी। इसके लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय
(डीजीसीए) और अन्य संबंधित एजेंसियों से अनुमति ली जाएगी।
कंपनी के अनुसार पहले ड्रोन के जरिए परिचालन व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा और इसके बाद
पायलट वाले ई-200एक्स विमान की उड़ानों की योजना है। हाल ही में ई200एक्स इलेक्ट्रिक विमान के
पूर्ण आकार वाले पीटी-01 प्रोटोटाइप को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया था। फिलहाल इसके ग्राउंड
टेस्ट चल रहे हैं। कंपनी के संस्थापक और निदेशक डॉ. सत्यनारायण चक्रवर्ती ने कहा कि इलेक्ट्रिक एयर
टैक्सी को जमीन पर उतारने के लिए केवल विमान बनाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए ग्राउंड
इंफ्रास्ट्रक्चर, नियामकीय ढांचे और परिचालन प्रक्रियाओं का समानांतर विकास भी जरूरी है। नोएडा
एयरपोर्ट के साथ यह समझौता ड्रोन ट्रायल के जरिए परिचालन मॉडल को व्यवस्थित तरीके से परखने
और इसके बाद पायलट वाले विमानों की उड़ानों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा।


UN News