मंदिरों में गोवर्धन पूजा कर गिरिराज को 56 भोग लगाया गया

नोएडा दीपावली पर्व के बाद मंगलवार को शहर में गोवर्धन पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के अलग-अलग मंदिरों और गांवों में श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिरों में गोवर्धन पूजा कर गिरिराज को 56 भोग लगाया गया

नोएडा, । दीपावली पर्व के बाद मंगलवार को शहर में गोवर्धन पर्व धूमधाम
से मनाया गया। शहर के अलग-अलग मंदिरों और गांवों में श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन की
पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में कहीं गोबर से गोवर्धन पर्वत
बनाकर पूजा की गई तो कहीं विभिन्न खाने की सामग्रियों से गिरिराज की भव्य झांकी सजाई
गई। इस दौरान भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए और पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद
वितरित किया गया। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में गोवर्धन पूजा का विशेष आयोजन हुआ।
यहां करीब 20 फीट लंबा, सात फीट चौड़ा और तीन फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत तैयार किया गया।
इसे चीनी, मिश्री, हलवा, चावल और अन्य खाद्य सामग्रियों से सजाया गया। मंदिर में कीर्तन,
कथा, महाआरती और 56 भोग का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गिरिराज के दर्शन किए और
उनकी परिक्रमा की। पूजा के बाद गोवर्धन पर्वत में इस्तेमाल की गई खाद्य सामग्रियों का प्रसाद
श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। वहीं सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-20 स्थित
हनुमान मंदिर और सेक्टर-14 स्थित श्रीसिद्ध शनि मंदिर में भी गोवर्धन पूजा की गई। इन
मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा
शहर के विभिन्न गावों और अन्य स्थानों पर भी लोगों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजा
की। घरों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन को भोग लगाया और परिवार की
खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।