गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

नई दिल्ली, पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से रविवार को भव्य नगर कीर्तन सजाया गया।

नई दिल्ली, पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के
उपलक्ष्य में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से रविवार को भव्य नगर कीर्तन
सजाया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा सीस गंज साहिब से हुई और इसका समापन
गुरुद्वारा नानक पियाऊ साहिब में हुआ। इसमें बड़ी संख्या में संगतों ने भाग लेकर गुरु साहिब
के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
नगर कीर्तन के आरंभ में अरदास की गई। इसके बाद कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह
कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप
को पालकी में सुशोभित किया। नगर कीर्तन फतेहपुरी, खारी बावली, नया बाजार, पुल बंगश,
बर्फखाना चौक, रोशनारा रोड, सब्जी मंडी, राणा प्रताप बाग सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए
गुरुद्वारा नानक पियाऊ साहिब पहुंचा।
मार्ग में जगह-जगह संगतों ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर लंगर लगाए
गए और पुष्प वर्षा की गई। गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के विद्यार्थियों के जत्थों के साथ
निहंग सिंहों की विभिन्न जत्थेबंदियों ने भी भाग लिया। इस दौरान निहंग सिंहों ने गतका कला
के हैरतअंगेज करतब दिखाए। संगतों की भारी भागीदारी के कारण नगर कीर्तन निर्धारित समय
से विलंब से अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचा।
इस अवसर पर सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि श्री
गुरु नानक देव जी ने सांसारिक अंधकार में घिरी मानवता को सत्य और समानता का मार्ग
दिखाया। उन्होंने कर्मकांडों और आडंबरों का विरोध करते हुए पूरी दुनिया को एक परमात्मा और
समस्त सृष्टि की एक ही ज्योति का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने अत्याचारी शासक बाबर की नीतियों की निंदा की और महिलाओं
के सम्मान तथा समानता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं ने समाज को यह समझाया कि स्त्री
को कभी कमतर नहीं आंका जा सकता। आज भी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता
का मार्गदर्शन कर रही हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, भाईचारे और
समानता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।