ग्रेटर नोएडा :मिहिर भोज पार्क में प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश
ग्रेटर नोएडा । कैम्पेन अगेंस्ट प्लास्टिक पॉल्यूशन (CAPP) ने फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट (FFCT) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के सहयोग से शुक्रवार को मिहिर भोज पार्क में स्वच्छता अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
ग्रेटर नोएडा । कैम्पेन अगेंस्ट प्लास्टिक पॉल्यूशन (CAPP) ने फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट (FFCT) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के सहयोग से शुक्रवार को मिहिर भोज पार्क में स्वच्छता अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों ने पार्क परिसर से प्लास्टिक सहित अन्य बिखरे हुए कचरे को एकत्र कर स्वच्छता और प्लास्टिक प्रदूषण रोकने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।इसके बाद आयोजित संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के तहत कचरे के चार प्रकार—गीला, सूखा, सैनिटरी तथा विशेष देखभाल वाले कचरे—के पृथक्करण की जानकारी दी गई। साथ ही स्रोत पर कचरा अलग करने, एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने, पुनर्चक्रण, जैविक कचरे की कम्पोस्टिंग तथा घर और विद्यालय में वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन अपनाने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजकों ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
CAPP, फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट और GNIDA ने कहा कि वे ग्रेटर नोएडा में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी और जन-जागरूकता के माध्यम से स्वच्छ एवं टिकाऊ शहर के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।


UN News