जेवर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला विशेष अभियान
जेवर। स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त नगर बनाने की दिशा में नगर पंचायत जेवर ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शिव कुमार सिंह के नेतृत्व मे विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।
नगर पंचायत जेवर ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शिव कुमार सिंह के नेतृत्व मे विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।
जेवर। स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त नगर बनाने की दिशा में नगर पंचायत जेवर ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शिव कुमार सिंह के नेतृत्व मे विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। नगर पंचायत जेवर के अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर मंगलवार को कर्मचारियों की टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न बाजारों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के उपयोग एवं भंडारण की जांच की।
अभियान के दौरान कई दुकानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिस पर नगर पंचायत टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों से 2,500 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को जब्त भी किया गया। नगर पंचायत अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में इस प्रकार की सामग्री का उपयोग न करने की चेतावनी देते हुए शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा।अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुरूप सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध नगर पंचायत लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नालियों और सीवर लाइनों के जाम होने की बड़ी वजह भी प्लास्टिक कचरा है, जिससे जलभराव और गंदगी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े, जूट, कागज अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का प्रयोग करे।अभियान के दौरान नगर पंचायत कर्मचारियों ने दुकानदारों और नागरिकों को जागरूक भी किया तथा उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। टीम ने व्यापारियों से अपील की कि वे शासन के निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की खरीद-फरोख्त पूरी तरह बंद करें।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। यदि किसी भी दुकान, प्रतिष्ठान या व्यक्ति के पास प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री पाई जाती है तो उसके खिलाफ जुर्माने के साथ-साथनियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।नगर पंचायत की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं कई व्यापारियों ने नगर पंचायत के अभियान का समर्थन करते हुए भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आश्वासन दिया। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल जेवर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


UN News