नोएडा का पहला ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र जनवरी से शुरू होगा

नोएडा,सेक्टर 151 में नोएडा का पहला और जिले का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र अगले साल जनवरी में शुरू होगा।

नोएडा, सेक्टर 151 में नोएडा का पहला और जिले का तीसरा मोटर
ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र अगले साल जनवरी में शुरू होगा। इसके शुरू होने से नोएडा के निवासियों
और ग्रेटर नोएडा के परीचौक के आसपास रहने वाले लोगों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने
और प्रशिक्षण लेने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पहले ग्रेटर नोएडा के दादरी में दो केंद्र
संचालित हैं।
परिवहन विभाग के अनुसार केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे शुरू करने से पहले
जरूरी प्रमाण पत्र और औपचारिकताओं की प्रक्रिया जारी है। सेक्टर 151 में केंद्र शुरू होने से
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वाहन प्रशिक्षण और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षण
के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिले में पहले से संचालित प्रमुख केंद्रों में दादरी के
बिसाहड़ा रोड (प्यावली) स्थित शिवम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और जीटी रोड बाईपास-जारचा
रोड स्थित वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र शामिल हैं।
एआरटीओ नंदकुमार ने कहा कि एएसएलरेट प्राइवेट लिमिटेड मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र का
निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसमें जरूरी मशीनें भी लगाई जा चुकी है। यह अगले साल
जनवरी तक शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे पहले ही शुरू हो जाना था लेकिन कंपनी की
ओर से निर्माण कार्य और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में देरी के कारण वक्त लग गया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी बनेगा प्रशिक्षण केंद्र
नोएडा के सेक्टर-117 (सोरखा) में इंस्टिट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रेनिंग रिसर्च सेंटर का निर्माण
किया जाना था लेकिन वह नहीं हो सका। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी एक प्रशिक्षण
केंद्र बनना है।
वाहन चलाने की परीक्षा
स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को निर्धारित ट्रैक पर ड्राइविंग की परीक्षा देनी होती
है। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, ड्राइविंग परीक्षा में असफल होने पर निर्धारित
प्रशिक्षण प्रक्रिया लागू होती है। परिवहन विभाग की इस पहल के तहत पहले के केंद्रों की तरह

ही नए केंद्र में आधुनिक टेस्ट ट्रैक, सिमुलेटर, सड़क संकेतों की जानकारी और सेंसर-आधारित
स्वचालित परीक्षण व्यवस्था उपलब्ध होगी।
लंबी दूरी होने की वजह से परेशानी
नोएडा के निवासियों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा के लिए 35 से 45 किलोमीटर दूर
दादरी जाना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल आवेदकों को पहले दस्तावेज के लिए नोएडा स्थित एआरटीओ जाना पड़ता है, और फिर
ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए अलग से दादरी की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे पूरा दिन बर्बाद
होता है। नए केंद्रों का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण देना, ड्राइविंग टेस्ट
की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और लाइसेंस के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम
करना है।