महंगे ब्रांड्स की मदिरा की होम डिलीवरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में गौतम बुद्ध नगर जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में गौतम बुद्ध नगर जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी विभाग की टीम ने थाना सेक्टर-113 पुलिस के सहयोग से फोन पर ऑर्डर लेकर हाई-राइज सोसाइटियों में अवैध विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने एक अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड अभी फरार है।
ऑर्डर पर सप्लाई और किराए के कमरे से नेटवर्क
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग हरियाणा से महंगे ब्रांड्स की विदेशी शराब चोरी-छिपे लाकर नोएडा की हाई-राइज सोसाइटियों में सप्लाई कर रहे हैं। यह गिरोह फोन कॉल और मैसेज के जरिए सीधे ग्राहकों से संपर्क साधता था और मांग के अनुसार सस्ते दामों पर व्यक्तिगत रूप से मदिरा की होम डिलीवरी करता था।
सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 और क्षेत्र-4 की संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की। टीम के कुछ सदस्यों ने फर्जी ग्राहक बनकर तस्करों से संपर्क साधा। जैसे ही अभियुक्त सप्लाई देने पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अनिल (निवासी हाथरस) के रूप में हुई है।
लाखों रुपये की इम्पोर्टेड मदिरा और सामग्री जब्त
अभियुक्त अनिल की निशानदेही पर पुलिस और आबकारी टीम ने सर्फाबाद स्थित उसके किराए के फ्लैट पर छापेमारी की। मौके से आबकारी विभाग ने विभिन्न नामी और महंगे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स (जैसे जेम्सन, ब्लैक एंड व्हाइट, एब्सलूट वोडका, बॉम्बे सैफायर, जॉनी वॉकर डबल ब्लैक, रोकू जिन और बेलीज) की कुल 27 बोतलें जब्त कीं। बरामद मदिरा की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जांच करने पर बरामद बोतलों पर उत्तर प्रदेश राज्य का अनिवार्य क्यूआर कोड नहीं पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह शराब हरियाणा से अवैध रूप से लाई गई थी।
मास्टरमाइंड की तलाश और विधिक कार्रवाई
मामले में थाना सेक्टर-113 पर एफआईआर संख्या 0349 पंजीकृत कर ली गई है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह में मुख्य रूप से दो लोग शामिल थे, जिनमें से अनिल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी और मास्टरमाइंड फिलहाल फरार है। पुलिस और आबकारी की टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को क्रैक कर दिया जाएगा। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


UN News