सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पुराने वाहनों पर राज्यों से मांगी रिपोर्ट, 23 नवंबर को सुनवाई

नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में तेज वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त कर तत्काल हस्तक्षेप की जरुरत जाहिर की है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पुराने वाहनों पर राज्यों से मांगी रिपोर्ट, 23 नवंबर को सुनवाई

नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से होने वाले
उत्सर्जन में तेज वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त कर तत्काल हस्तक्षेप की जरुरत जाहिर की है।
शीर्ष अदालत ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की सरकारों के साथ-साथ दिल्ली
नगर निगम और दिल्ली पुलिस को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निर्धारित समय सीमा पार कर चुके
वाहनों के प्रवेश और संचालन को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी देने का
कह दिया है।
शीर्ष न्यायालय ने संबंधित प्राधिकरणों से पूछा है कि वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम
करने और बिगड़ती वायु गुणवत्ता में इसके योगदान को कम करने के लिए अल्पकालिक और
दीर्घकालिक स्तर पर कौन से नए उपाय प्रस्तावित हैं या किन पर विचार हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट
की पीठ ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) संबंधी आवश्यकताओं का पालन सुनिश्चित करने
सहित निर्धारित उत्सर्जन मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों की पहचान, निगरानी और
नियंत्रण के लिए मौजूदा कदमों की जानकारी भी मांगी है।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने
दिल्ली और एनसीआर में वाणिज्यिक एवं गैर-वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश और आवाजाही को
नियंत्रित करने वाले मौजूदा नियामक ढांचे और नियमों को लागू करने की व्यवस्था के बारे में
जानकारी देने का निर्देश दिया। विशेष रूप से पड़ोसी राज्यों से आने वाले वाहनों पर ध्यान
केंद्रित करने को कहा है।

यह आदेश शीर्ष अदालत ने एनसीआर में वायु प्रदूषण पर स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की गई
सुनवाई के दौरान 6 नवंबर को दिया था। पीठ ने बताया कि हालांकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश,
हरियाणा और राजस्थान में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है, जो एक सराहनीय पहल
है, लेकिन इन्हीं आंकड़ों से वाहनों से होने वाले उत्सर्जन के कारण उत्पन्न समस्याओं में तेज
वृद्धि एक गंभीर चिंता के रूप में सामने आई है।
शीर्ष न्यायालय ने जोर दिया कि दिल्ली और एनसीआर भौगोलिक तथा आर्थिक रूप से एक-दूसरे
से जुड़े हुए हैं, जिसके कारण इन क्षेत्रों को न केवल अपनी सीमाओं के भीतर चलने वाले वाहनों,
बल्कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले वाहनों की आवाजाही का संयुक्त रूप से बोझ उठाना पड़ता
है। बड़ी संख्या में वाणिज्यिक और गैर-वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश से वाहनों से होने वाले
उत्सर्जन का मौजूदा बोझ और भी बढ़ जाता है, जिस पर तत्काल हस्तक्षेप की जरुरत है।
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने संबंधित प्राधिकारियों से एनसीआर में निर्धारित अवधि से अधिक पुराने
या नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के प्रवेश और संचालन पर रोक लगाने के लिए
उठाए गए कदमों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई का
पूरा ब्यौरा भी मांगा है।
इसके अतिरिक्त, न्यायालय ने अंतरराज्यीय वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और
उत्सर्जन मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली तथा पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों
के बीच मौजूदा समन्वय व्यवस्था के साथ-साथ प्रस्तावित विशेष उपायों और उन्हें लागू करने
की समयबद्ध कार्ययोजना की जानकारी मांगी। शीर्ष न्यायालय ने राज्यों को दो सप्ताह के
भीतर अपने जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से होने वाले
उत्सर्जन और प्रदूषण से संबंधित महत्वपूर्ण मामले को 23 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध
किया गया है।