स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में दिखी देशभक्ति की झलक, सर्वधर्म समभाव की प्रभात फेरी ने मोहा मन

रिसिया, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिसिया क्षेत्र के विद्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। विद्यालय परिसरों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, मार्च पास्ट, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में दिखी देशभक्ति की झलक, सर्वधर्म समभाव की प्रभात फेरी ने मोहा मन

रिसिया, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिसिया क्षेत्र के विद्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। विद्यालय परिसरों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, मार्च पास्ट, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

ग्लोबल स्कूल ऑफ लर्निंग में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के संस्थापक डॉ. अजीम शेरवानी के बड़े भाई वसीम शेरवानी तथा मुख्य अतिथि रिसिया कस्बा चौकी प्रभारी  सुधीर सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ  वसीम शेरवानी एवं विद्यालय की प्राचार्य अनुपमा झा ने ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 की छात्रा इन्सॉल हामिद ने किया। विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

सर्वधर्म समभाव की प्रभात फेरी बनी आकर्षण का केंद्र
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई सर्वधर्म समभाव की प्रभात फेरी समारोह का विशेष आकर्षण रही। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। बच्चों ने लोगों को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा मिल-जुलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता और आपसी भाईचारे में निहित है। नई पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना के बीच समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।