इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने इंटरनेट माध्यम पर अवैध हथियार के साथ वीडियो प्रसारित कर रौब दिखाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया

इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने इंटरनेट माध्यम
पर अवैध हथियार के साथ वीडियो प्रसारित कर रौब दिखाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया
है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और झपटा गया
मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, निगरानी के दौरान एक इंटरनेट माध्यम के खाते पर अवैध हथियार के साथ
वीडियो प्रसारित होने की जानकारी मिली। सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घोंडा चौक स्थित
पंचवटी पार्क में छापेमारी कर अंकुर विहार निवासी 22 वर्षीय अरमान को गिरफ्तार किया।
उसकी तलाशी में एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला, जिसके बाद शस्त्र अधिनियम
के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में अरमान ने अपने साथी 19 वर्षीय रिहान के साथ मिलकर 23 जून की लूट और 9
जुलाई की मोबाइल झपटमारी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी
निशानदेही पर पुलिस ने रिहान को भी गिरफ्तार कर झपटा गया मोबाइल फोन बरामद कर
लिया।
जांच के दौरान पुलिस को अरमान के मोबाइल फोन में चाकू और अवैध हथियारों के साथ बनाए
गए कई वीडियो भी मिले हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि इनका संबंध किसी अन्य
आपराधिक गतिविधि से है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपितों ने देसी
कट्टा कहां से प्राप्त किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों का अब तक कोई आपराधिक
रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और मामले की जांच जारी है।