ऑपरेशन अपराजेय' के तहत आर्या फैशन्स ने विशेष बच्चों को दिया हस्तशिल्प और आभूषण निर्माण का प्रशिक्षण

गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित आर्या फैशन्स में मंगलवार को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक हस्तशिल्प कला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ऑपरेशन अपराजेय' के तहत आर्या फैशन्स ने विशेष बच्चों को दिया हस्तशिल्प और आभूषण निर्माण का प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा 

गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित आर्या फैशन्स में मंगलवार को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक हस्तशिल्प कला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक उत्तरदायित्व और कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर द्वारा संचालित 'ऑपरेशन अपराजेय' की भावना को आगे बढ़ाते हुए बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में व्यावहारिक ज्ञान दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह रहीं। उनके साथ संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा, डीसीपी एवं ऑपरेशन अपराजेय की नोडल अधिकारी सुनीति, एसीपी इकोटेक-3 राजीव और स्थानीय पुलिस थाने के अधिकारी उपस्थित रहे।

ऑपरेशन अपराजेय से मिली प्रेरणा

पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर द्वारा 9 जून 2026 को 'ऑपरेशन अपराजेय' की शुरुआत की गई थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनका कौशल विकास सुनिश्चित करना है। इसी मुहिम से प्रेरणा लेते हुए आर्या फैशन्स की संस्थापिका डॉ. खुशबू सिंह ने अपने परिसर में इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।

डॉ. खुशबू सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य इन बच्चों का मानसिक विकास, कौशल विकास और भविष्य में उनका आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ग्रामीण महिलाओं को हुनर देकर स्वावलंबी बनाया जा रहा है, उसी प्रकार इन बच्चों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

30 विशेष बच्चों ने सीखा आभूषण निर्माण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभय रेनबो किड्स फाउंडेशन की प्रिंसिपल दिशा कपूर अपनी टीम और लगभग 30 विशेष बच्चों के साथ शामिल हुईं। इन बच्चों में ऑटिज्म, डाउन सिंड्रोम और अन्य संवेदनशील स्थितियों से प्रभावित बच्चे शामिल थे।

कार्यक्रम के दौरान आर्या फैशन्स के प्रबंध निदेशक (MD) अभिषेक चौहान, वरिष्ठ कारिगरों और कर्मचारियों ने बच्चों को आभूषण बनाने, क्राफ्ट तैयार करने और पैकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कारीगरों ने बच्चों के सामने गहने बनाने का लाइव प्रदर्शन (डेमो) किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रक्रिया में भाग लिया, सवाल पूछे और स्वयं वस्तुएं बनाकर खुशी जाहिर की।

कौशल विकास से आत्मनिर्भरता पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आर्या फैशन्स और डॉ. खुशबू सिंह की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए औद्योगिक क्षेत्र और समाज के अन्य वर्गों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि केवल आर्थिक सहायता देने के बजाय कौशल विकास के माध्यम से बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना अधिक प्रभावी कदम है।

आर्या फैशन्स की ओर से यह घोषणा की गई कि यह प्रशिक्षण केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में भी कंपनी की टीम विशेष स्कूलों में जाकर बच्चों को निःशुल्क सामग्री, तैयार उत्पाद और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी, ताकि उनका सतत विकास हो सके।