कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, ब्लैक स्पॉट सुधारने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश

बुलंदशहर: जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, ब्लैक स्पॉट सुधारने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश

बुलंदशहर: जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, परिवहन, स्वास्थ्य, प्राधिकरण, पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने चयनित ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्य करने और दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। बुलंदशहर-शिकारपुर-बदायूं मार्ग पर रोडवेज बसों की गति सीमा निर्धारित करने और आवश्यकतानुसार ब्रेकर लगाने को कहा गया।


बिना लाइसेंस, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में पुलिस और परिवहन विभाग को नियमित चेकिंग कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ द्वारा किए गए प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक नियम उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई करने को कहा गया। सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच, प्राइवेट स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत जांच और जिन स्कूलों ने वाहनों की संख्या शून्य दर्शाई है, वहां बच्चों के आवागमन के साधनों की जांच के निर्देश दिए गए।एआरएम रोडवेज को बस अड्डों पर लाइट, सीसीटीवी, साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था और बसों की फिटनेस जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य और परिवहन विभाग को संयुक्त कैंप लगाकर चालकों के नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण, राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को रोस्टर बनाकर हर सप्ताह किसी स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए। नगर में ई-रिक्शा के सुचारू संचालन और पार्किंग के लिए ईओ नगर पालिका को निर्देशित किया गया।

बैठक में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नीतीश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राहुल शर्मा, एआरटीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।