गंगा में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

डिबाई। थाना क्षेत्र के गांव गंगापुर निवासी 12 वर्षीय बालक जितेश उर्फ जतिन की शुक्रवार सुबह कर्णवास स्थित देवत्रय घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांव गंगापुर निवासी जितेंद्र सिंह का 12 वर्षीय पुत्र जितेश उर्फ जतिन शुक्रवार सुबह अपनी माता तनुजा, मौसी रश्मि एवं अन्य परिजनों के साथ कर्णवास के देवत्रय घाट पर गंगा स्नान करने गया था। सुबह लगभग 8:50 बजे स्नान के दौरान बालक सुरक्षा के लिए लगाई गई बल्लियों के आगे गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा।

बालक को डूबता देख मौके पर मौजूद दो अज्ञात युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद गांव के गोताखोरों की मदद से काफी तलाश के बाद जितेश को पानी से बाहर निकाला गया।

गंभीर अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव को अपने गांव ले गए।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव गंगापुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।