गौतम बुद्ध नगर में सशक्त महिला उद्यमी संगठन का ऐतिहासिक शुभारंभ, उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमिता को मिलेगी नई गति

गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक इतिहास में आज एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है, जहां महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को समर्पित 'सशक्त महिला उद्यमी संगठन' का भव्य शुभारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

गौतम बुद्ध नगर में सशक्त महिला उद्यमी संगठन का ऐतिहासिक शुभारंभ, उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमिता को मिलेगी नई गति

गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक इतिहास में आज एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है, जहां महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को समर्पित 'सशक्त महिला उद्यमी संगठन' का भव्य शुभारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। संगठन की संस्थापक अध्यक्षा खुशबू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस लॉन्च सेरेमनी में जिले की सैकड़ों महिला उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। आज के इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि शासन-प्रशासन के हर विभाग और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें ईपीएफओ विभाग से रीजनल कमिश्नर-वन वैभव सिंह, श्रम विभाग से डिप्टी लेबर कमिश्नर राकेश द्विवेदी, सेवा योजन विभाग से मनीषा अत्री, एमएसएमई मंत्रालय से डायरेक्टर आर.के. भारती, नोएडा प्राधिकरण से नवीन कुमार सिंह, एडीसीपी मनीषा सिंह, डीसीपी श्रवण कुमार, एसीपी राजीव गुप्ता, डीआईसी विभाग से त्रिभुवन पटेल एवं पूर्व डीआईसी से गोस्वामी सहित अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने संगठन को उसकी इस नई पहल और उन्नति के लिए आशीर्वाद दिया और हृदय से बधाई दी। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह एवं संरक्षक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री विमला बाथम उपस्थित रहीं।

संस्थापक अध्यक्ष खुशबू सिंह ने अपने विजन को विस्तार से साझा करते हुए कहा कि यह संगठन केवल एक मंच नहीं, बल्कि हर महिला के आर्थिक आत्मनिर्भरता के सपने को साकार करने का एक मजबूत संकल्प है। हमारा लक्ष्य गौतम बुद्ध नगर से शुरू होकर इस संगठन को संपूर्ण उत्तर प्रदेश में सक्रिय करना है, ताकि प्रदेश के हर जिले की महिला उद्यमी सशक्त हो सके। संगठन का व्यापक विजन कारोबार सुगमता यानी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को पूरी तरह से साकार करना है। इसके तहत जिला प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, जीएसटी, पीएफ, प्रदूषण, श्रम विभाग और फैक्ट्री एक्ट सहित सभी सरकारी विभागों के साथ सेतु का कार्य किया जाएगा, ताकि किसी भी उद्यमी महिला को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके अतिरिक्त स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने के लिए एक समर्पित निर्यातक विंग का गठन किया जाएगा, जो लोकल से ग्लोबल की यात्रा को पूरा करेगा। कॉलेज, विश्वविद्यालय और इंडस्ट्री के बीच सेतु बनकर युवा छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्रामीण महिलाओं से जुड़े हर सपने को साकार करना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। ग्रामीण महिला उद्यमियों को कौशल, बाजार और वित्तीय सहायता से जोड़कर मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सपने को महिला उद्यमिता के माध्यम से साकार करने में पूर्ण योगदान दिया जाएगा। लोकल टू ग्लोबल की आधारशिला के साथ देश के लिए अधिक से अधिक राजस्व उत्पन्न करके राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

यह मंच केवल महिला इंडस्ट्रियलिस्ट के लिए ही नहीं है, बल्कि समाज की हर पेशेवर महिला जैसे अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, हेल्थकेयर, शिक्षा या सर्विस इंडस्ट्री से जुड़ी महिलाओं के लिए भी खुला है। मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गौतम बुद्ध नगर में पहली बार महिलाओं के लिए विशेष रूप से उद्योग के क्षेत्र में इतना संगठित और सशक्त मंच बनाया गया है, जो सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण है। पुलिस प्रशासन ऐसे महिला संगठनों के साथ सदैव खड़ा रहा है, खड़ा है और सदैव खड़ा रहेगा।

संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि विमला बाथम ने कहा कि खुशबू सिंह में उन्हें अपना अतीत और प्रतिबिंब नजर आता है। आज जिस कर्मठता, लगन और जुनून के साथ उन्होंने सभी महिलाओं को एकजुट कर यह मंच तैयार किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। यह संकल्प सभी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। वे हमेशा संरक्षक और मेंटर के रूप में साथ खड़ी रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में संस्थापक अध्यक्षा ने अपनी कोर टीम का आभार व्यक्त किया, जिसमें महासचिव रश्मि निगम, कोषाध्यक्ष आस्था शर्मा, उपाध्यक्ष अर्चना आनंद, पूनम माहेश्वरी, रचना जैन, संयुक्त सचिव दिशा कपूर और कार्यकारिणी सदस्य सोनाली चौधरी शामिल रहीं। इस पहल से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।