ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अतिरिक्त सीएनजी स्टेशनों की मांग, जीबीएनवीएस ने प्राधिकरण के नाम लिखा पत्र

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के बीच सीएनजी ईंधन भरने की सुविधाओं की कमी को लेकर गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (जीबीएनवीएस) ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नाम पत्र लिखकर अतिरिक्त सीएनजी स्टेशनों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अतिरिक्त सीएनजी स्टेशनों की मांग, जीबीएनवीएस ने प्राधिकरण के नाम लिखा पत्र

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के बीच सीएनजी ईंधन भरने की सुविधाओं की कमी को लेकर गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (जीबीएनवीएस) ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नाम पत्र लिखकर अतिरिक्त सीएनजी स्टेशनों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उपलब्ध कराने की मांग की है।

समिति ने पत्र के माध्यम से प्राधिकरण का ध्यान ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सीएनजी स्टेशनों की कमी और इसके कारण उत्पन्न हो रही लंबी कतारों एवं यातायात समस्या की ओर आकर्षित किया।पत्र में कहा गया है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वर्तमान में अनुमानतः 3.5 से 4 लाख निवासी एवं 1.5 लाख से अधिक परिवार रह रहे हैं। बड़ी संख्या में निवासी सीएनजी वाहनों का उपयोग करते हैं, जबकि उपलब्ध सीएनजी सुविधाएं बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं।

विशेष रूप से एक मूर्ति चौक सहित सीएनजी सुविधा वाले बहु-ईंधन केंद्रों पर व्यस्त समय में लंबी कतारें लगती हैं। कई बार वाहन चालकों को 30 से 45 मिनट या उससे अधिक समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने, ईंधन की अनावश्यक खपत और स्थानीय स्तर पर प्रदूषण बढ़ने की समस्या भी उत्पन्न होती है।जीबीएनवीएस ने प्राधिकरण से चार मूर्ति चौक, एक मूर्ति बुद्ध चौक, पायलट चौक, 130 मीटर मार्ग, सेक्टर-10 और सेक्टर-12 सहित अन्य घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सीएनजी स्टेशनों की आवश्यकता का आकलन कराने तथा उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का अनुरोध किया है।

समिति ने यह भी मांग की है कि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर संबंधित गैस वितरण कंपनी आईजीएल के साथ समन्वय कर नए सीएनजी स्टेशनों की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

जीबीएनवीएस की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने कहा, “ग्रेटर नोएडा वेस्ट अब तेजी से विकसित होता हुआ प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र है। जिस तेजी से यहां आबादी और वाहनों की संख्या बढ़ रही है, उसी अनुपात में स्वच्छ ईंधन एवं यातायात सुविधाओं का विस्तार भी आवश्यक है। सीएनजी केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारें नागरिकों के समय के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित कर रही हैं।”

उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत एवं सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए सीएनजी सुविधाओं का विस्तार अब आवश्यक बुनियादी नागरिक सुविधा का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने प्राधिकरण से इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।जीबीएनवीएस ने इस विषय पर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त स्थल निरीक्षण एवं बैठक आयोजित करने का भी अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता के आधार पर उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा सके।

समिति ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय पर समयबद्ध कार्रवाई करेगा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सीएनजी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।