ढाई महीने से लापता महिला की हत्या, ट्यूबवेल से बरामद हुआ शव
बुलंदशहर/खुर्जा। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र से करीब ढाई महीने पहले लापता हुई 30 वर्षीय पिंकी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है।
बुलंदशहर/खुर्जा। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र से करीब ढाई महीने पहले लापता हुई 30 वर्षीय पिंकी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पिंकी का शव गांव रामपुर लधउवा स्थित ट्यूबवेल परिसर में जमीन में दबा हुआ बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांव शहबाजपुर भाल निवासी राजकुमार ने 25 अगस्त 2026 को पत्नी पिंकी के लापता होने की सूचना खुर्जा देहात थाने में दी थी। दोनों की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पोस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से उसकी तलाश शुरू की थी। 29 सितंबर को पिंकी के भाई अशोक ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर उसे कहीं भेज देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को पिंकी के दूसरे मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में गांव के युवक रिंकू से उसकी लगातार बातचीत सामने आई। इसके बाद राजेश और प्रशांत के नाम भी जांच में प्रकाश में आए। पुलिस के अनुसार, राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पिंकी और रिंकू के बीच प्रेम प्रसंग था। राजेश के कहने पर प्रशांत पिंकी को बाइक से अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र स्थित राजेश की ट्यूबवेल पर लेकर आया था, जहां वह कथित तौर पर दो दिन तक रही।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को रिंकू पिंकी को घर छोड़ने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचा था, लेकिन पिंकी ने घर जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस का आरोप है कि रिंकू और राजेश ने मिलकर पिंकी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गड्ढा खोदकर दबा दिया। राजेश की निशानदेही पर शव बरामद किया गया। अलीगढ़ पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी राजेश पुत्र कृष्णपाल निवासी गांव रामपुर लधउवा, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़ के खिलाफ खुर्जा देहात थाने में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


UN News