दिवाली से पूर्व ग्रेनो की प्रमुख सड़कों पर रोशनी बढ़ाने की तैयारी
ग्रेटर नोएडा। शहर में रात के समय बेहतर रोशनी, सड़क सुरक्षा और ऊर्जा दक्ष प्रकाश (एनर्जी एफिसिइंट लाइटिंग ) व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा। शहर में रात के समय बेहतर रोशनी, सड़क सुरक्षा और ऊर्जा दक्ष प्रकाश (एनर्जी एफिसिइंट लाइटिंग ) व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना है। इन तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने में लगभग 6.46 करोड रुपए खर्च होंगे।
विद्युत अभियांत्रिकी के विभाग वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर मार्ग पर 09 मीटर ऊंचे डबल व सिंगल विंग के 108 पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य की अनुमानित लागत 1.75 करोड़ रुपये है। वहीं, गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौड़ सिटी अंडरपास तथा खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी तक करीब 4 किलोमीटर मार्ग पर 217 पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य पर लगभग 98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रकाश व्यवस्था से आसपास की सोसायटियों के निवासियों को रात में आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा एंट्री प्वाइंट के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति रोटरी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर 09 मीटर ऊंचे कोनिकल आर्च पोल लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इसकी अनुमानित लागत 3.74 करोड़ रुपये है। इस कार्य की ई-निविदा जारी हो चुकी है और 28 सितंबर 2026 को प्री-बिड बैठक आयोजित की गई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि इन तीनों रास्तों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। स्ट्रीट लाइट लग जाने से निवासियों को बड़ी राहत मिल जाएगी।


UN News