बांदा : बाइक शोरूम में भीषण आग लगने से कई नई गाड़ियां जलकर खाक
उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा में नगर कोतवाली क्षेत्र के कालू कुआं चौकी अंतर्गत तिंदवारी रोड स्थित बाइक शोरूम में सोमवार को देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया।
बांदा, उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा में नगर कोतवाली क्षेत्र के कालू कुआं चौकी
अंतर्गत तिंदवारी रोड स्थित बाइक शोरूम में सोमवार को देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। आग
इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते शोरूम से तेज लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिसे दूर तक
देखा गया। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़ी कई नई बाइक जलकर खाक हो गईं।
जानकारी के अनुसार, कालू कुआं क्षेत्र स्थित मयूर मोटर्स के बाइक शोरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में
आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच
गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शोरूम के अंदर मौजूद कई
वाहनों को समय रहते बाहर निकालकर सुरक्षित कर लिया।
हालांकि, आग की चपेट में आने से कई नई गाड़ियां और शोरूम में रखा अन्य सामान जल गया। आग
से लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक नुकसान का आकलन
जांच और सर्वे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के दौरान शोरूम के आसपास धुएं का घना गुबार छा
गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर
घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने मंगलवार को बताया कि थाना कोतवाली
नगर क्षेत्र में तिंदवारी रोड स्थित हीरो शोरूम में अज्ञात कारणों से आग लगने की सूचना मिली थी। मौके
पर फायर टेंडर और स्थानीय पुलिस पहुंची तथा आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना
में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


UN News