बारिश ने बाजारों की रौनक पर लगाई ब्रेक, चांदनी चौक से लाजपत तक सन्नाटा
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने प्रमुख बाजारों की रौनक फीकी कर दी है। चांदनी चौक, सदर बाजार, सरोजिनी नगर और लाजपत नगर में शनिवार को ग्राहकों की भीड़ न के बराबर रही।
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने प्रमुख बाजारों की
रौनक फीकी कर दी है। चांदनी चौक, सदर बाजार, सरोजिनी नगर और लाजपत नगर में
शनिवार को ग्राहकों की भीड़ न के बराबर रही। दुकानें खुलीं तो रहीं, मगर बिक्री ठप हो गई।
बारिश के कारण जलभराव और कीचड़ ने लोगों को घरों में कैद कर दिया, जिससे गैर-जरूरी
खरीदारी टल गई।
सबसे बुरा हाल रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों का है, जिनकी आमदनी पूरी तरह रोज की
बिक्री पर निर्भर है। सदर बाजार के रेहड़ी संचालक मनोज ने कहा, बारिश में दुकान नहीं लगी
तो उस दिन की कमाई नहीं हुई। माल बिकेगा तभी चूल्हा जलेगा। सरोजिनी नगर के दुकानदार
राजन ने बताया कि उनकी कोई तय तनख्वाह नहीं है, जो रोज बिकता है वही कमाई है।
लगातार बारिश हुई तो घर का बजट बिगड़ जाएगा।
त्योहारी और शादी के सीजन को देखते हुए कारोबारियों ने महंगा माल मंगा रखा है, लेकिन
ग्राहक न आने से चिंता बढ़ गई है। चांदनी चौक में साड़ियों की बिक्री धीमी है तो सदर बाजार
में माल की लोडिंग-अनलोडिंग भी प्रभावित हुई। लाजपत नगर में दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों
ने खरीदारी टाल दी है।
आर्थिक विशेषज्ञ रिषी जैन के अनुसार, दिल्ली के बाजारों में हजारों लोग ठेले-रेहड़ी से परिवार
चलाते हैं। तेज बारिश में इनके लिए दुकान लगाना भी मुश्किल हो जाता है। चांदनी चौक के
हरीश ने कहा कि बारिश कई दिन रही तो घर का खर्च निकालना मुश्किल होगा। दुकान खुली
रखने पर किराया-बिजली का खर्च बढ़ता है, लेकिन कमाई नहीं होती। इस कारण दोहरी मार
पड़ती है।


UN News