22 साल बाद लिया छेड़छाड़ का बदला, स्कोर्पियो से कुचलकर की हत्या
रोहिणी जिले के कंझावला में 22 साल पहले हुई छेड़छाड़ का बदला लेने के लिए एक युवक को स्कोर्पियो गाड़ी से कुचलकर मार दिया गया था।
नई दिल्ली, रोहिणी जिले के कंझावला में 22 साल पहले हुई छेड़छाड़ का बदला
लेने के लिए एक युवक को स्कोर्पियो गाड़ी से कुचलकर मार दिया गया था। घटना को सड़क हादसे का
रंग देने का प्रयास किया गया, लेकिन जांच में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने दीपक
डबास की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी जगपाल डबास (46) व उसके तीन सहयोगी सागर, टिल्ली
और साहिल को गिरफ्तार किया है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि 16 जुलाई शाम के समय चांदपुर,
कंझावला इलाके में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दीपक डबास की मौत हो गई। दीपक माजरा डबास गांव
के रहने वाले थे और पेशे से किसान थे। पुलिस ने सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर स्कोर्पियो कार को
जब्त किया था। परिजनों ने हत्या की साजिश जताई थी।
पुलिस ने सबसे पहले कार सवार सागर को हिरासत में लिया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह
किया। सख्ती करने पर उसने हकीकत बयां कर दी। बताया कि माजरा डबास निवासी जगपाल ने
जानबूझकर दीपक को गाड़ी से कुचलवाया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब 22 साल पहले जगपाल की बहन के साथ दीपक ने छेड़छाड़
की थी, जिसका बदला जगपाल ने अब लिया। इससे पहले जगपाल ने दीपक पर गोली भी चलवाई थी,
लेकिन वह बाल-बाल बच गया था। जांच में सामने आया कि जगपाल ने अपने दोस्त टिल्ली की
स्कोर्पियो का इस्तेमाल किया और भतीजे साहिल ने साजिश में मदद की। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार
कर लिया है, मामले की जांच जारी है।


UN News