आईजीआई एयरपोर्ट पर एक करोड़ रुपये से अधिक के कीमती पत्थर जब्त, यात्री गिरफ्तार
नई दिल्ली,दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से 3,200 नग कीमती पत्थर और आभूषण बरामद किए हैं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीमा
शुल्क विभाग ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से 3,200 नग कीमती पत्थर और
आभूषण बरामद किए हैं। जब्त सामान की कीमत 1.01 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके बाद
यात्री से जुड़े परिसरों की तलाशी में बड़ी मात्रा में कच्चे और तराशे हुए कीमती पत्थर भी बरामद
किए गए। कुल जब्त सामान की कीमत 2.02 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, तीन अक्टूबर को अधिकारियों ने टर्मिनल-3 पर प्रोफाइलिंग के
आधार पर बैंकॉक से आए भारतीय यात्री को रोका। वह दो अक्टूबर की एयर इंडिया की उड़ान से
दिल्ली पहुंचा था। सामान की विस्तृत जांच और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान 3,200 नग
कीमती पत्थर और आभूषण मिले। यात्री ने पूछताछ में इन सामान को बैंकॉक से दिल्ली लाने
की बात स्वीकार की।
जांच को आगे बढ़ाते हुए यात्री से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। यहां से 196.676 किलोग्राम
कच्चे पन्ने, 221 कैरेट तराशे और पॉलिश किए हुए माणिक तथा 45 कैरेट तराशे और पॉलिश
किए हुए पन्ने बरामद किए गए। इसके अलावा मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान भी
मिले। सीमा शुल्क विभाग ने बरामद सामान को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 110 के तहत
जब्त कर लिया है। यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया
गया है। विभाग के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।


UN News