नोएडा टेंडर घोटाला: विवेचक राजेश सिंह ने अदालत में दर्ज कराया बयान
नोएडा प्राधिकरण के चर्चित टेंडर घोटाले में बृहस्पतिवार को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई।
नोएडा प्राधिकरण के चर्चित टेंडर घोटाले में बृहस्पतिवार
को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। मामले के विवेचक राजेश सिंह अदालत में
उपस्थित हुए और उन्होंने प्रकरण की जांच से संबंधित अपना बयान दर्ज कराया। बयान दर्ज
होने के बाद अदालत ने आगे की सुनवाई के लिए 29 अगस्त की तारीख निर्धारित की है।
अदालत से मिली जानकारी के अनुसार मामला वर्ष 2011 में नोएडा प्राधिकरण में हुए कथित
टेंडर घोटाले से जुड़ा है। सीबीआई की जांच में सामने आया था कि 14 से 23 दिसंबर 2011 के
बीच प्राधिकरण की ओर से करीब 1280 टेंडर आवंटित किए गए थे। इन टेंडरों के लिए लगभग
954.38 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई थी।
सीबीआई का आरोप है कि टेंडर आवंटन की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया
गया। कथित तौर पर नियमों को दरकिनार कर ठेके आवंटित किए गए और प्रक्रिया में
अनियमितताएं बरती गईं। जांच एजेंसी ने मामले में टेंडर प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और अन्य
साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने मामले में तीन कंपनियों और नोएडा प्राधिकरण के
तत्कालीन मुख्य अभियंता यादव सिंह समेत कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया है। प्रकरण में
आरोपियों की भूमिका और टेंडर आवंटन की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों पर अदालत में सुनवाई चल
रही है। बृहस्पतिवार को हुई सुनवाई के दौरान विवेचक राजेश सिंह के बयान दर्ज होने को
मामले की कार्रवाई में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब अदालत में 29 अगस्त को आगे की
सुनवाई होगी।


UN News