ग्रेटर नोएडा: वीजा खत्म होने के बाद जेपी ग्रीन में रह रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना बीटा-2 पुलिस ने एक सूचना के आधार पर चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था।
नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना बीटा-2 पुलिस ने एक सूचना के आधार पर
चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वीजा की अवधि समाप्त होने
के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था। उसने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड
बनवाकर उसके आधार पर पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी तैयार करा लिए थे। गिरफ्तारी के
बाद खुफिया एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं।
थाना बीटा-2 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर
एनआरआई सिटी के पास से करीब 38 वर्षीय चीनी नागरिक सॉन्ग जियाओमी को गिरफ्तार
किया। जांच में पता चला कि वह ग्रेटर नोएडा की जेपी ग्रीन सोसायटी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2019 में 26 जून से 25 जून 2020 तक एक वर्ष की वैध
अवधि वाले वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह भारत में
अवैध रूप से रह रहा था। आरोप है कि उसने धोखाधड़ी कर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और
उसके आधार पर पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज तैयार करा लिए।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की रहने वाली एक युवती
से शादी की है। उसकी तीन वर्ष की एक बेटी भी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के
नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी भी चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से खुफिया एजेंसियां गहनता से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह
पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भारत में अवैध रूप से रहने के पीछे उसका कोई अन्य
उद्देश्य तो नहीं था और कहीं वह भारत में रहकर जासूसी गतिविधियों में तो शामिल नहीं था।
मामले की जांच जारी है।


UN News