फर्जी एविएशन जॉब रैकेट का वांछित आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी एविएशन जॉब और एडमिशन रैकेट का संचालन करने वाले गैंग के एक वांछित आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है।
नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी एविएशन जॉब और एडमिशन रैकेट का संचालन करने वाले गैंग के एक वांछित आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर अजय पुत्र धर्मपाल सिंह को 21 अगस्त को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और अभिसूचना के आधार पर पकड़ा। इस मामले में पुलिस इससे पहले 8 जुलाई को गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सेक्टर-22 स्थित लंबोदर इंस्टीट्यूट के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। यहां प्रतिष्ठित एविएशन कंपनियों और प्रशिक्षण संस्थानों में नौकरी व एडमिशन दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन इंटरव्यू, रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, मेडिकल, यूनिफॉर्म, सिक्योरिटी डिपॉजिट और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग चरणों में रकम वसूली जाती थी।
गैंग के सदस्य खुद को एयरलाइंस और एविएशन संस्थानों का प्रतिनिधि बताकर फर्जी ऑफर लेटर, एडमिशन कन्फर्मेशन और प्रमाण-पत्र भेजते थे। इतना ही नहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर तथा विभिन्न संस्थानों के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था। ठगी की रकम अलग-अलग म्यूल बैंक खातों में मंगाकर आपस में बांट ली जाती थी।
नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी या एडमिशन के नाम पर रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट अथवा ट्रेनिंग फीस देने से पहले संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट और प्रमाणिकता की जांच करें। फर्जी ऑफर लेटर, वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापनों पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर देने की अपील की गई है।


UN News