स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने और करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की इच्छा जताई

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रेटर नोएडा के लिए अच्छी खबर सामने आई है। स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने और करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की इच्छा जताई है।

स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने और करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की इच्छा जताई

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रेटर नोएडा के लिए अच्छी खबर सामने आई है। स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने और करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की इच्छा जताई है। कंपनी की योजना के तहत लगभग 500 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।

बुधवार को कंपनी का प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा, जहां प्राधिकरण के बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल के साथ बैठक हुई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक नीतियों और उपलब्ध लैंड बैंक के बारे में जानकारी हासिल की।

कंपनी को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए करीब 20 हजार वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता है। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की स्मार्ट टाउनशिप में शामिल है। यहां प्लग एंड प्ले सिस्टम के तहत औद्योगिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही यह टाउनशिप सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहतर स्थिति में है। निवेशकों को कम समय में भूखंड आवंटित करने की व्यवस्था की गई है।बैठक के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई। प्रतिनिधिमंडल में मैगनस एंडरसन, मिसेल ग्रिंडबोर्न, टोरकेल कोगलोसा, कंपनी के इंडिया एवीपी देवेंद्र शर्मा और जनरल मैनेजर अजीत सिंह शामिल रहे। इस मौके पर आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय और उद्यमी मित्र भी मौजूद रहे।

ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित यह निवेश धरातल पर उतरता है तो औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं।