अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार,12 चोरी की बाइक और वैगनार बरामद

नोएडा। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार,12 चोरी की बाइक और वैगनार बरामद

नोएडा। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से अलग-अलग राज्यों से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल की गई एक वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाले रास्ते से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रताप (26), विमल शाक्य उर्फ सूर्या (23), प्रशांत सिंह (21) और दीपांशु (23) के रूप में हुई है। चारों आरोपी मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले हैं और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग इलाकों में किराये के मकान में रह रहे थे।

वैगनार से करते थे बाइक की रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे वैगनार कार से नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घूमते थे। सड़क किनारे या सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की पहले रेकी की जाती थी। मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी कर ली जाती थी। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद ग्राहक तलाशकर उन्हें कम कीमत में बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आम लोगों को गुमराह करने के लिए मोटरसाइकिल बेचने के दौरान मजबूरी की कहानी बताते थे।

दिल्ली से चंडीगढ़ तक फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने नोएडा के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। बरामद वाहनों में कई ऐसे वाहन हैं, जिनके संबंध में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के अशोक नगर, लोधी नगर और बदरपुर, चंडीगढ़ के सेक्टर-36, गुरुग्राम के सेक्टर-65 और नोएडा के सेक्टर-39 से जुड़े वाहन चोरी के मामले शामिल हैं।

चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। रवि प्रताप और अन्य आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम और नोएडा में धारा 303(2) बीएनएस के तहत वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन मामलों में आरोपियों की भूमिका और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस की कार्रवाई में एक साथ 12 चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के बाद माना जा रहा है कि गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की मोटरसाइकिलें किन लोगों को बेची जाती थीं और गिरोह में इनके अलावा कितने लोग शामिल हैं। साथ ही बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी संबंधित राज्यों और थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।