खोड़ा में पानी माफिया की मनमानी, नगर पालिका की नाक के नीचे डाली जा रही अवैध पाइपलाइन
खोड़ा में नगर पालिका की नाक के नीचे पानी माफिया खोदाई करअवैध पाइपलाइन डाल रहे हैं। पालिका दफ्तर से 500 मीटर की दूरी पर खुलेआम सड़क की खोदाई कर पाइपलाइन डाली जा रही है।
साहिबाबाद, खोड़ा में नगर पालिका की नाक के नीचे पानी माफिया खोदाई कर
अवैध पाइपलाइन डाल रहे हैं। पालिका दफ्तर से 500 मीटर की दूरी पर खुलेआम सड़क की खोदाई कर
पाइपलाइन डाली जा रही है। इसकी भनक लगने पर पालिका कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन
मजदूरों से काम कराने वालों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।
काम कुछ दिन बंद हो गया और पालिका के अधिकारियों ने पुलिस को इसकी लिखित में शिकायत भी
दी लेकिन शिकायत देने के 15 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। दो दिन पहले काम फिर से
चलता मिला है।
खोड़ा में पानी माफिया के सामने नगर पालिका परिषद का सिस्टम फेल हो गया है। करीब 15 दिन
पहले वंदना एन्क्लेव में पानी माफिया द्वारा सड़क की खोदाई कर पाइपलाइन बिछाई जा रही थी। सूचना
पर अधिशासी अधिकारी ने काम रुकवाया और पुलिस को सूचना दी लेकिन सीनाजाेरी देखिए, कुछ दिन
बाद काम फिर से शुरू हो गया।
खोड़ा में पेयजल सबसे बड़ी समस्या है। माफियाओं के लिए यह चांदी काटने जैसा समय है, इस वजह से
पानी का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। वंदना एन्क्लेव के अलावा खोड़ा की कई अन्य कालोनियों
में पानी का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। नगर पालिका कई वार्ड में टैंकरों से पानी की आपूर्ति
करती है, जो इतनी बड़ी आबादी के लिए पर्याप्त नहीं है। इसका फायदा उठाकर काम कराया जा रहा है।
माफिया बेच रहे कनेक्शन, लोगों की मजबूरी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार भूजल स्तर गिरने के कारण अब बोरिंग में करीब 500 फुट
तक हो रही है। इसमें ज्यादा खर्च आता है। इस कारण लोग बोरिंग नहीं करा पाते हैं। इसी का फायदा
उठाकर पानी माफिया बोरिंग कराकर लोगों को पानी के लिए कनेक्शन बेचते हैं।
एक कनेक्शन के करीब 10 से 15 हजार वसूले जा रहे हैं। इसके बाद प्रति माह एक हजार से 1500
रुपये पानी के नाम पर वसूल रहे हैं। इससे लोगों की जेब पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वंदना एन्क्लेव
के अलावा पवन विहार, हिमालय एन्क्लेव, नवचेतना सोसायटी, लोकप्रिय विहार व अन्य कालोनियों में ये
धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।
नोएडा सेक्टर-62 और मयूर विहार फेज तीन में बेचा जा रहा पानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि माफिया खोड़ा का पानी नोएडा सेक्टर-62 और मयूर विहार फेज
तीन को बेचा जा रहा है। खोड़ा में पानी माफिया का कारोबार फैल रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार इन
पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं।


UN News