साइंस ऑफ एनर्जी' पर CME आयोजित, डॉक्टरों और OT तकनीशियनों ने सीखीं सुरक्षित इलेक्ट्रोसर्जरी की बारीकियां

नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (NIIMS) के डिपार्टमेंट ऑफ जनरल सर्जरी द्वारा चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साइंस ऑफ एनर्जी” विषय पर एक दिवसीय CME एवं हैंड्स-ऑन वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया।

साइंस ऑफ एनर्जी' पर CME आयोजित, डॉक्टरों और OT तकनीशियनों ने सीखीं सुरक्षित इलेक्ट्रोसर्जरी की बारीकियां

नोएडा (UN News):

नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (NIIMS) के डिपार्टमेंट ऑफ जनरल सर्जरी द्वारा चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साइंस ऑफ एनर्जी” विषय पर एक दिवसीय CME एवं हैंड्स-ऑन वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रोसर्जिकल उपकरणों के सही, सुरक्षित और प्रभावी उपयोग को लेकर डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों को जागरूक और प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन NIIMS के चेयरमैन डॉ. देवेश कुमार सिंह के सहयोग और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर डॉ. एस. एन. गुप्ता, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. (ब्रिगेडियर) रंजीत घुलियानी और डीन डॉ. मनीषा जिंदल सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष (HODs), फैकल्टी सदस्य, पोस्टग्रेजुएट छात्र और इंटर्न्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने दी व्यावहारिक जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जॉनसन एंड जॉनसन (Johnson & Johnson) के विषय विशेषज्ञों ने इलेक्ट्रोसर्जरी के मूलभूत सिद्धांतों, आधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली और उनके सुरक्षित उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रतिभागियों की व्यावहारिक समझ को बेहतर बनाने के लिए एनिमल टिश्यू पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया गया। इसके माध्यम से इलेक्ट्रोसर्जरी की विभिन्न तकनीकों, टिश्यू कटिंग, कोगुलेशन और संभावित जोखिमों से बचाव के उपायों को गहराई से समझाया गया। सत्र में मरीजों के साथ-साथ चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा और उपकरणों में आने वाली तकनीकी समस्याओं (Troubleshooting) के तुरंत समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

ओटी कॉम्प्लेक्स में हुआ हैंड्स-ऑन सेशन

इस वर्कशॉप का सबसे महत्वपूर्ण और उपयोगी हिस्सा OT कॉम्प्लेक्स में आयोजित 'हैंड्स-ऑन सेशन' रहा। यहाँ डॉक्टरों, पोस्टग्रेजुएट छात्रों और ऑपरेशन थिएटर (OT) तकनीशियनों ने खुद इलेक्ट्रोसर्जिकल उपकरणों का संचालन कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। विशेषज्ञों की देखरेख में आयोजित इस सत्र से मेडिकल स्टाफ को सर्जरी के दौरान उपकरणों को सुरक्षित और सटीक तरीके से इस्तेमाल करने का सीधा अनुभव मिला।

वरिष्ठ चिकित्सकों का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम का सफल संचालन डिपार्टमेंट ऑफ जनरल सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ. (कर्नल) एस. एस. चौहान के कुशल नेतृत्व में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. विवेक महिंद्रा, डॉ. सचिन कत्याल, डॉ. हर्ष भाटी, डॉ. शेहवर कौल, डॉ. पार्थ नंदी और डॉ. अनुराग सहित विभाग के पोस्टग्रेजुएट छात्रों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह के समापन पर अतिथि वक्ताओं और विशेषज्ञों को संस्थान के डायरेक्टर और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जनरल सर्जरी विभाग ने इस सफल आयोजन के लिए NIIMS के शीर्ष प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।