6 अगस्त से शुरू होगी कांग्रेस की "जनसंवाद संकल्प यात्रा", घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

ग्रेटर नोएडा, जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले में अपने चुनावी अभियान का आगाज़ करते हुए "जनसंवाद संकल्प यात्रा" की घोषणा की है।

6 अगस्त से शुरू होगी कांग्रेस की "जनसंवाद संकल्प यात्रा", घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

ग्रेटर नोएडा, जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले में अपने चुनावी अभियान का आगाज़ करते हुए "जनसंवाद संकल्प यात्रा" की घोषणा की है। यह यात्रा 6 अगस्त से शुरू होगी, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम जनता से संवाद स्थापित करेंगे।

ग्रेटर नोएडा के स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि यात्रा का पहला चरण दादरी विधानसभा क्षेत्र से प्रारंभ होगा। इसके बाद आगामी माह के मध्य से इसे जेवर विधानसभा क्षेत्र तक विस्तारित किया जाएगा तथा बाद में जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा।

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि "जनसंवाद संकल्प यात्रा" केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने और उनकी समस्याओं को समझने का अभियान है। इसके माध्यम से कांग्रेस गांवों, कस्बों, नगरों और शहरी सोसायटियों तक पहुंचकर प्रत्येक वर्ग के नागरिकों से सीधा संवाद करेगी तथा उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ जुड़ने का आह्वान करेगी।उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाएगा, ताकि भविष्य में कांग्रेस का जनप्रतिनिधि बनने पर उन्हें प्राथमिकता से पूरा कराया जा सके। कांग्रेस केवल चुनावी वादों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता के साथ मिलकर विकास और न्याय का साझा संकल्प तैयार करेगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे तथा छोटी-बड़ी नुक्कड़ सभाओं, जनचौपालों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विशेष रूप से छात्रों, किसानों, बेरोजगार युवाओं, श्रमिकों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों तथा प्रदेश सरकार की नीतियों से स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे नागरिकों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेगी और उनके संघर्ष को अपनी आवाज बनाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अव्यवस्थाओं से छात्र निराश हैं तथा महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम परिवार का जीवन कठिन बना दिया है। ऐसे समय में कांग्रेस जनता को विश्वास दिलाएगी कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जनसंवाद संकल्प यात्रा का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी नहीं, बल्कि जनता के साथ स्थायी संवाद स्थापित कर उनकी आकांक्षाओं को कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं का हिस्सा बनाना है। उन्होंने जनपद के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि यह यात्रा गौतमबुद्ध नगर के बेहतर भविष्य, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जन-आंदोलन का रूप लेगी।

पत्रकार वार्ता में मुकेश शर्मा, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, निशा शर्मा, आर.के. प्रथम, कपिल भाटी, धर्म सिंह, अरुण भाटी और सुबोध भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।