गौतमबुद्ध नगर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम की समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण संपन्न
जनपद का मतदान प्रतिशत बढ़ाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्वीप (मतदाता जागरूकता) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ।
जनपद का मतदान प्रतिशत बढ़ाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्वीप (मतदाता जागरूकता) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण सत्र में जनपद की समस्त तहसीलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्रवार अभियान चलाकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाये।बैठक में स्वीप कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने के लिए उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों को सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को अपने अधीनस्थ शिक्षण संस्थानों का भ्रमण कर वहां मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित कराने को कहा गया।
युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे छात्र-छात्राओं को चिह्नित किया जाए, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है अथवा आगामी अर्हता तिथि तक पूरी होने वाली है। इसके लिए पात्र युवाओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराकर उनका मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकासअधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को स्वीप गतिविधियों में नवाचार अपनाने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाने, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में विद्यार्थियों को जागरूकता संबंधी टास्क देने तथा हस्ताक्षर अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाने और नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।


UN News