भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला: समुद्र की गहराई से लेकर झरने की खूबसूरती तक, तकनीक से जीवंत हुए नजारे

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार खरीदारी और राज्यों की संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही है।

नई दिल्ली,  भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार खरीदारी और
राज्यों की संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। यहां
आने वाले दर्शक समुद्र के भीतर की दुनिया से लेकर पहाड़ों से गिरते झरने तक का अनुभव कर
रहे हैं। अंडमान-निकोबार पवेलियन में बनाया गया 3डी एलईडी रूम लोगों को समुद्र की
गहराइयों में पहुंचने का एहसास करा रहा है, वहीं मध्य प्रदेश पवेलियन में विशाल एलईडी वॉल
पर दिखाया जा रहा बहता झरना दर्शकों को अपनी ओर खींच रहा है।
भारत मंडपम के हॉल-तीन के प्रथम तल पर अंडमान-निकोबार पवेलियन का पवेलियन है। उसमें
3डी एलईडी रूम मेले में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। कमरे के फर्श से

लेकर दीवारों तक समुद्री दुनिया के दृश्य इस तरह प्रदर्शित किए गए हैं कि यहां पहुंचने वाले
लोगों को लगता है कि वे वास्तव में समुद्र के अंदर मौजूद हैं। चारों तरफ पानी, समुद्री जीवों
और पानी के भीतर की दुनिया के दृश्य लोगों को एक अलग ही अनुभव देते हैं। बच्चे ही नहीं,
बड़े भी इस अनूठे अनुभव को अपने कैमरों में कैद करते नजर आ रहे हैं। यहां लोग कुछ देर
रुककर समुद्र की दुनिया को करीब से महसूस कर रहे हैं।
पवेलियन में दिखती तकनीक की झलक
वहीं, हॉल नंबर-चार में मध्य प्रदेश पवेलियन में विशाल एलईडी वॉल पर प्रदर्शित किया जा रहा
झरना लोगों का ध्यान खींच रहा है। स्क्रीन पर ऊंचाई से नीचे गिरता पानी और उसके आसपास
का प्राकृतिक दृश्य इतना जीवंत नजर आता है कि दर्शक कुछ पल के लिए खुद को झरने के
सामने खड़ा महसूस करते हैं। पानी के बहने का दृश्य लोगों को काफी पसंद आ रहा है। दोनों
पवेलियन में तकनीक के इस इस्तेमाल ने मेले को एक नया अनुभव दिया है।
हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का मॉडल देखने उमड़ रही भीड़
रेलवे के पवेलियन में हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का प्रतिरूप लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
यहां सूरत में बन रहे हाईस्पीड रेल स्टेशन का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। इसे देखने के लिए
बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लोग खासतौर पर यह जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं कि
इस आधुनिक स्टेशन पर यात्रियों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी और इसका स्वरूप कैसा
होगा। मॉडल के जरिए स्टेशन की संरचना और आधुनिक सुविधाओं की झलक दिखाई जा रही
है। इसके अलावा पवेलियन में अलग-अलग दौर के रेल इंजनों के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए
हैं। इनके माध्यम से भारतीय रेलवे की विकास यात्रा और तकनीकी बदलावों को दर्शाया गया है।
आखिरी दो दिन बचे, खरीदारी पर मिल सकती है ज्यादा छूट
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन में अब केवल दो दिन शेष हैं। 27 नवंबर को मेले
का आखिरी दिन होगा। ऐसे में अगले दो दिनों में मेले में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
आखिरी दिनों में खरीदारी करने वालों को कंपनियों से लेकर हस्तशिल्पियों तक की ओर से
ज्यादा छूट मिल सकती है। मेले के समापन से पहले स्टॉल संचालक अपना सामान बेचने के
लिए ग्राहकों को विशेष ऑफर और आकर्षक छूट देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में खरीदारों के
लिए ये दो दिन फायदेमंद साबित हो सकते हैं। वहीं, मेले में आने वाले लोगों को प्रशासन ने
ऑनलाइन टिकट बुक करके पहुंचने की सलाह दी है। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी
कतारों से बचा जा सकेगा। अंतिम दिनों में भीड़ बढ़ने के कारण मौके पर टिकट लेने के लिए

इंतजार करना पड़ सकता है। अपनी कार से जाने वाले लोगों के लिए बेसमेंट पार्किंग
सुविधाजनक रहेगी। यहां से सीधे भारत मंडपम के बीचोंबीच पहुंचने की सुविधा मिलती है।