ट्रैवल सर्विस के नाम पर 25 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार
ट्रैवल सर्विस उपलब्ध कराने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में शाहदरा जिला साइबर थाना पुलिस ने लखनऊ से दो लोगो को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली, ट्रैवल सर्विस उपलब्ध कराने का झांसा देकर 25 लाख रुपये
की साइबर ठगी करने के मामले में शाहदरा जिला साइबर थाना पुलिस ने लखनऊ से दो लोगो
को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय बुद्धन रामजनम यादव उर्फ श्रीकेश और
22 वर्षीय गौतम यादव के रूप में हुई है। ठगी की रकम में से अब तक 15 लाख रुपये पीड़ित
को वापस कराए जा चुके हैं।
पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि सात अक्तूबर को क्रेनलिंक इंफ्रा सर्विसेज के चार्टर्ड
अकाउंटेंट और अधिकृत प्रतिनिधि सिद्धांत शुक्ला ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज
कराई थी। उन्होंने कंपनी के लिए ट्रैवल सर्विस तलाशते हुए कुछ लोगों से व्हाट्सऐप पर संपर्क
किया था। बातचीत के बाद 2.50 लाख रुपये अग्रिम भुगतान करने का समझौता हुआ। इसके
लिए आरोपियों ने श्रीकिशुन ट्रैवल्स के एचडीएफसी बैंक खाते की जानकारी दी। शिकायतकर्ता ने
गलती से 2.50 लाख रुपये के बजाय 25 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। गलती का पता चलने
पर उन्होंने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में श्रीकिशुन ट्रैवल्स का
मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। एएसआई राजदीप और हेड
कांस्टेबल दीपक की टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, कॉल डिटेल और लेनदेन की पड़ताल
की। जांच में सामने आया कि 20 लाख रुपये शिवा ट्रेडर्स के एक्सिस बैंक खाते में दो किस्तों में
15 लाख और पांच लाख रुपये भेजे गए। दो लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए,
जबकि तीन लाख रुपये लखनऊ के गोमती ज्वेलर्स में पीओएस मशीन के जरिए सोने के
आभूषण खरीदने में खर्च किए गए। वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने दोनों
आरोपियों की पहचान की और लखनऊ में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी के अनुसार, बुद्धन ने दूसरे स्तर के बैंक खाते से चेक के जरिए 20 लाख रुपये निकाले
और अपने साथियों को सौंप दिए। उसने गोमती ज्वेलर्स की पीओएस मशीन से तीन लाख रुपये
के दो सोने के हार भी खरीदे और 20 फीसदी कमीशन के बदले साथियों को दे दिए। वहीं,
गौतम ने अपने नाम पर जारी सिम कार्ड उपलब्ध कराया था, जो शुरुआती स्तर के एचडीएफसी
बैंक खाते से जुड़ा था। दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बैंक खातों और सिम कार्ड
का इस्तेमाल ठगी की रकम छिपाने और उसे अलग-अलग खातों में भेजने के लिए करते थे।
पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड, दो चेकबुक,
आभूषण खरीदने की ट्रांजेक्शन स्लिप, श्रीकिशुन ट्रैवल्स की बिल बुक की एक पर्ची और एक
सोने की चेन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को अब तक 15 लाख रुपये वापस
कराए जा चुके हैं। शाहदरा जिला पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन भुगतान करते समय बैंक खाते
और ट्रांसफर की जाने वाली रकम की अच्छी तरह जांच करने की अपील की है।


UN News