आर्य फैशन्स ने 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकाली भव्य रैली, देशभक्ति के रंग में रंगे कर्मचारी
गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित कपड़ा निर्माण कंपनी 'आर्य फैशन्स' द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान के विजन को आगे बढ़ाते हुए एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
ग्रेटर नोएडा (UN News)
गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित कपड़ा निर्माण कंपनी 'आर्य फैशन्स' द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान के विजन को आगे बढ़ाते हुए एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से जिले भर में चलाया जा रहा है। इसी प्रेरणा से आर्य फैशन्स के सभी कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ इस रैली में हिस्सा लिया।
रैली के दौरान पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारत माता के जयकारे और देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। हाथों में तिरंगा थामे कर्मचारियों के जोश से पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। आयोजन के दौरान संस्थान के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 'हर घर तिरंगा' अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सभी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आर्य फैशन्स की एकता का प्रतीक: खुशबू सिंह
इस अवसर पर आर्य फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आर्य फैशन्स की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि धर्म और जाति से पहले हम सभी एक हिंदुस्तानी हैं। 'हर घर तिरंगा' की मुहिम हमारी राष्ट्रीय एकता और अखंडता की ताकत को दर्शाती है। हम प्रधानमंत्री के इस राष्ट्रव्यापी अभियान में अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश की शान और शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। जब हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराता है, तो इससे देशप्रेम की भावना और अधिक मजबूत होती है।
राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प
आर्य फैशन्स प्रबंधन ने यह संकल्प लिया है कि संस्थान भविष्य में भी सामाजिक, राष्ट्रीय और जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागियों को अभियान से जुड़ी जानकारियां दी गईं और मिठाई का वितरण किया गया।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस तिरंगा रैली ने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों के बीच देशभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है।


UN News