गौतमबुद्ध नगर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, रक्षाबंधन से पहले 40 सैंपल लैब भेजे, 910 किलो मिलावटी पनीर और मिठाइयां नष्ट
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है।
आसिम खान, ग्रेटर नोएडा
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी और राज्य खाद्य आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत विभाग की टीमों ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर दूषित और अमानक खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2026 से जारी इस अभियान के तहत अब तक खाद्य पदार्थों के कुल 40 नमूने (सैंपल) एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं।
910 किलो पनीर और मिठाइयां कराई गईं नष्ट
सघन जांच अभियान के दौरान विभाग ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री पर कार्रवाई की है। अब तक की कार्रवाई में करीब 910 किलोग्राम मिलावटी/दूषित पनीर, 160 किलोग्राम मिठाइयां और 125 किलोग्राम अन्य अखाद्य सामग्री को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कराया गया है। इसके अलावा 100 किलोग्राम संदिग्ध बूंदी को सीज कर दिया गया है।
जेवर टोल प्लाजा से लेकर नोएडा तक छापेमारी
अभियान के तहत 25 और 26 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जिले के प्रमुख सीमा मार्गों और बाजारों में सघन जांच चलाई
जेवर टोल प्लाजा पर हाथरस से आ रहे विष्णु मिल्क प्रोडक्ट्स के पनीर वाहन से सैंपल लिया गया। वहीं रबूपुरा निवासी तंजीम के वाहन से टोफू का नमूना लेकर 125 किलो सामग्री नष्ट कराई गई। 26 अगस्त को अलीगढ़ से आ रहे अजय डेयरी के पनीर वाहन और दिल्ली से मेवात निर्मित पनीर लेकर बाइक से अर्श डेयरी दनकौर आ रहे व्यक्ति से सैंपल लेकर करीब 60 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
भंगेल स्थित अग्रवाल स्वीट से पनीर का नमूना लिया गया, जबकि याकूबपुर सेक्टर-85 स्थित बृजवासी स्वीट सेंटर से गुलाब जामुन का सैंपल लिया गया। वहां अस्वास्थ्यकर हालत में रखे करीब 60 किलो गुलाब जामुन को मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त अलीगढ़ से सप्लाई के लिए लाए जा रहे पनीर वाहन को तुगलपुर ग्रेटर नोएडा के पास रोककर सैंपल लिया गया।
रिपोर्ट आने पर होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम (FSS Act) के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार तक यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि जनपद वासियों को मानक के अनुरूप शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।


UN News