बादलपुर में 'पिंक रोजगार मेला' संपन्न, 17 कंपनियों ने 263 युवतियों को दिए जॉब ऑफर, विधायक और डीएम ने बांटे नियुक्ति-पत्र
उत्तर प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण और युवाओं को स्वावलंबी बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए गौतमबुद्धनगर जिले में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल देखने को मिली है।
उत्तर प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण और युवाओं को स्वावलंबी बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए गौतमबुद्धनगर जिले में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल देखने को मिली है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग गौतमबुद्धनगर द्वारा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बादलपुर के प्रांगण में एक दिवसीय विशाल पिंक रोजगार मेले का अत्यंत सफल आयोजन किया गया। इस विशेष रोजगार मेले का प्राथमिक उद्देश्य जिले की शिक्षित, कुशल एवं प्रतिभाशाली युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा।
आयोजन का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, आर्या फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह, वेदिका फाउंडेशन की संस्थापिका सपना आर्य, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बादलपुर की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे तथा सिद्धि इन्फोनेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर रितेश गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति ने रोजगार मेले में भाग लेने आई सैंकड़ों छात्राओं और युवतियों का उत्साहवर्धन किया।
बादलपुर स्थित संस्थान में आयोजित इस पिंक रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, स्वास्थ्य सेवा और आईटी क्षेत्र से जुड़ी कुल सत्रह प्रतिष्ठित कंपनियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। मेले के प्रति युवतियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। पंजीकरण प्रक्रिया के तहत तीन सौ से अधिक छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से तथा एक सौ सियासी युवतियों ने ऑफलाइन माध्यम से, यानी कुल मिलाकर चार सौ छियासी अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन कराया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता और तकनीकी कौशल का परीक्षण करने के लिए गहन साक्षात्कार प्रक्रिया संचालित की गई। पूरी तरह से पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के उपरांत दो सौ त्रेसठ युवतियों का अंतिम रूप से चयन कर उन्हें मौके पर ही नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।
मेले के दौरान एक और बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए जिला सेवायोजन कार्यालय गौतमबुद्धनगर तथा युवा शक्ति फाउंडेशन के मध्य जिले में रोजगार संवर्धन और कौशल विकास को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा चयनित युवतियों को अपने हाथों से नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दादरी तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के सीधा अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण है। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा के अनुरूप उन्हें अवसर देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजन निजी क्षेत्र और युवाओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें अपनी आंतरिक क्षमता को पहचानने का संदेश दिया। उन्होंने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से बेटियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि तुम्हें खुद को आम नहीं बल्कि खास बनाना है और आगे बढ़कर अपना इतिहास रचना है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह पिंक रोजगार मेला जिले की उन बेटियों के लिए एक अनूठी और स्वर्णिम शुरुआत है जो स्नातक की पढ़ाई पूरी कर पेशेवर दुनिया में कदम रख रही हैं। उन्होंने आर्या फैशन्स, युवा शक्ति फाउंडेशन, स्पेरी टेक्नो सॉल्यूशंस, आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन मेट, सनन, सिद्धी इंपोर्टेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नवितस्य, फुरुकवा मिंडा, आर्टेमिस हॉस्पिटल, सथ्या विकास, मिंडा कॉर्पोरेशंस, युवा शक्ति स्किल इंडिया, कीटिंग प्रेस्टिज, दक्षिण राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, गुजरात हेल्थकेयर और मिकम इंडिया जैसी सहभागी कंपनियों का विशेष धन्यवाद किया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बेटियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए इस प्रकार के आयोजनों की श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभाग का प्रयास रहता है कि नियमित अंतरालों पर ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाए। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे, आर्या फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह, वेदिका फाउंडेशन की संस्थापिका सपना आर्य तथा सिद्धि इन्फोनेट के डायरेक्टर रितेश गोयल ने भी चयनित युवतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय युवतियां मौजूद रहीं।


UN News