यमुना प्राधिकरण का हरित संकल्प, एक दिन में 77 हजार से अधिक पौधों का रोपण
यमुना सिटी । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत इस वर्ष पौधारोपण की थीम "एक पेड़ माँ के नाम" रखी गई।
वृक्षारोपण महाअभियान-2026
यमुना सिटी । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत इस वर्ष पौधारोपण की थीम "एक पेड़ माँ के नाम" रखी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं निर्देशन में प्राधिकरण क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया एवं राजेश कुमार ने सेक्टर-22E की 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (परियोजना) राजेन्द्र सिंह भाटी, डॉ. आरती सिंह, सहायक निदेशक (उद्यान) सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अभियान में रोनीजा गांव के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वृक्षों के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान प्रत्येक बच्चे को एक पौधा वितरित किया गया और उन्हें पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान के तहत 77,007 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और पिलखन जैसी देशी प्रजातियों का रोपण किया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की हरित संपदा को भी समृद्ध किया जा सके।


UN News