साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश
नोएडा । थाना फेस-3 पुलिस ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नोएडा । थाना फेस-3 पुलिस ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक चेक बुक, चार लेटरहेड और एक स्टांप बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह डिजिटल अरेस्ट और ट्रेडिंग-इन्वेस्टमेंट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी की रकम को म्यूल खातों में ट्रांसफर कर साइबर अपराधियों की मदद करता था।
नोएडा सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अजब सिंह, प्रदीप, गुलाब सिंह लोधी, कौशल, सचिन, जिनेन्द्र सिंह और प्रियंका को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को बेचते थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबरों के सिम अपने पास रखते थे और विशेष एपीके (APK) एप्लिकेशन इंस्टॉल कर खातों से जुड़े ओटीपी और एसएमएस प्राप्त करते थे। इसी के जरिए साइबर ठगी से आए रुपये निकाले जाते थे। कुछ समय बाद इन खातों को बंद कर दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए खातों में लाखों रुपये का लेनदेन हुआ है। इन खातों के खिलाफ देशभर में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 74 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी साइबर अपराधियों से कमीशन लेकर ठगी की रकम का हिस्सा आपस में बांटते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-3 में मु.अ.सं. 310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


UN News