गाजियाबाद में चलती कार में कथित भ्रूण लिंग परीक्षण का खुलासा, क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को दबोचा; पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद

गाजियाबाद,क्राइम ब्रांच गाजियाबाद और थाना नंदग्राम पुलिस की संयुक्त टीम ने चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए कथित रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

गाजियाबाद में चलती कार में कथित भ्रूण लिंग परीक्षण का खुलासा, क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को दबोचा; पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद

गाजियाबाद,  क्राइम ब्रांच गाजियाबाद और थाना नंदग्राम पुलिस की
संयुक्त टीम ने चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए कथित रूप से भ्रूण लिंग
परीक्षण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल कुमार, उम्र 46 वर्ष, और गौरव, उम्र 35 वर्ष
के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, अल्ट्रासाउंड किट बैग और
आई-10 कार बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी इसी कार में पोर्टेबल मशीन के
जरिए गर्भवती महिलाओं का कथित रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण करते थे। पुलिस के अनुसार
पूछताछ में मुख्य आरोपी कपिल ने कथित तौर पर बताया कि वह तीन से चार माह की
गर्भवती महिलाओं का भ्रूण लिंग परीक्षण करता था। इसके एवज में प्रत्येक जांच के लिए 15 से
25 हजार रुपये तक लिए जाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी गौरव ग्राहकों को उपलब्ध
कराने और उन्हें मुख्य आरोपी तक पहुंचाने में सहयोग करता था।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी बिना वैध लाइसेंस या संबंधित डिग्री के यह गतिविधि संचालित
कर रहे थे। चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए जांच किए जाने की जानकारी
सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार
पूछताछ में मुख्य आरोपी कपिल के करीब दस वर्षों से इस गतिविधि में शामिल होने की बात
सामने आई है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में गाजियाबाद और दिल्ली में भी
गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी
है।

संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, अल्ट्रासाउंड किट बैग और
आई-10 कार बरामद की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कथित गिरोह से
कितने लोग जुड़े हुए थे और अब तक कितनी महिलाओं का इस तरह परीक्षण किया गया।
मामले में थाना नंदग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों
आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक
इतिहास और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।